October 14, 2026

लोहरिनडीपा में घर से अजगर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू,वन विभाग की टीम ने जंगल में छोड़ा

खबर शेयर करें

बसना/लम्बर : खबर निरीक्षण

वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए अजगर को पकड़ा, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

वन परिक्षेत्र बसना अंतर्गत माधोपाली बीट के ग्राम लोहरिनडीपा में बुधवार दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को एक घर में अजगर सांप मिलने से ग्रामीणों में हलचल मच गई।
अजगर सांप लोकेश पटेल के घर की बाड़ी में दिखाई दिया,जिसके बाद वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया और उसे प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,वन विभाग परिसर रक्षी माधोपाली आनंद राम जोशी के निर्देश पर चौकीदार तिरथ प्रसाद मिश्रा,त्रिलोचन बरिहा,तुलाराम मैत्री एवं हीरा लाल साहू ने मौके पर पहुंचकर अजगर सांप को सावधानीपूर्वक रेस्क्यू कियाl
इसके बाद उसे सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ा गया,जिससे सांप को उसके प्राकृतिक वातावरण में रहने का अवसर मिला।

वन विभाग की तत्परता से टला संभावित खतरा

आबादी वाले क्षेत्र में अजगर जैसे वन्यजीव के दिखाई देने से लोगों में भय की स्थिति उत्पन्न हो सकती है,ऐसे में वन विभाग की टीम द्वारा समय पर पहुंचकर सुरक्षित रेस्क्यू करना सराहनीय कदम है।
टीम ने अजगर को बिना नुकसान पहुंचाए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की कार्रवाई की।

वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए जागरूकता जरूरी

वन्यजीव पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कई बार भोजन या सुरक्षित ठिकाने की तलाश में सांप एवं अन्य वन्यजीव रिहायशी इलाकों में पहुंच जाते हैं,ऐसी स्थिति में ग्रामीणों को घबराने के बजाय वन विभाग को सूचना देनी चाहिए।
विशेषज्ञों की सहायता के बिना अजगर या किसी अन्य सांप को पकड़ने का प्रयास नहीं करना चाहिए,इससे मनुष्यों और वन्यजीवों,दोनों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है।
ग्राम लोहरिनडीपा में वन विभाग की टीम द्वारा अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़े जाने की इस कार्रवाई से वन्यजीव संरक्षण के प्रति विभाग की जिम्मेदारी और सतर्कता सामने आई है।