October 26, 2026

गुलाबसिंह राठौर ने संभाला सारंगढ़–बिलाईगढ़ के जिला विपणन अधिकारी का पदभार,विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने किया स्वागत

खबर शेयर करें

निवर्तमान जिला विपणन अधिकारी श्री शीतल भोई का महासमुंद स्थानांतरण

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 26 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित द्वारा जारी स्थानांतरण आदेश के परिपालन में श्री गुलाबसिंह राठौर ने सोमवार को सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले के नवीन जिला विपणन अधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया है। जिला विपणन कार्यालय पहुंचने पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया तथा नवीन दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित, मुख्यालय नवा रायपुर द्वारा 22 अक्टूबर 2026 को प्रशासनिक कार्यव्यवस्था के अंतर्गत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं। आदेश के अनुसार गरियाबंद जिले में जिला विपणन अधिकारी के पद पर कार्यरत सहायक प्रबंधक श्री गुलाबसिंह राठौर का स्थानांतरण सारंगढ़–बिलाईगढ़ जिले में जिला विपणन अधिकारी के पद पर किया गया है। वहीं सारंगढ़–बिलाईगढ़ में पदस्थ उपप्रबंधक एवं निवर्तमान जिला विपणन अधिकारी श्री शीतल भोई का स्थानांतरण जिला विपणन अधिकारी महासमुंद के पद पर किया गया है।


नवपदस्थ जिला विपणन अधिकारी श्री गुलाबसिंह राठौर ने पदभार ग्रहण करने के पश्चात कार्यालयीन गतिविधियों एवं विभागीय कार्यों की जानकारी ली। जिले में सहकारी विपणन संघ से संबंधित कार्यों के सुचारू संचालन, विभागीय समन्वय तथा राज्य शासन के निर्देशों के अनुरूप योजनाओं एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन की जिम्मेदारी अब उनके पास होगी।
इस अवसर पर विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों ने श्री राठौर का स्वागत करते हुए उन्हें नवीन पदस्थापना के लिए शुभकामनाएं दीं। श्री राठौर ने भी सभी अधिकारी-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया। इस दौरान लेखा अधिकारी श्री मनोज कुमार साहू, वरिष्ठ सहायक श्रीमती बबली राय, क्षेत्र सहायक सुश्री लीना मानिकपुरी, क्षेत्र सहायक श्री टीकाराम राठौर एवं  व्यास देव साहू उपस्थित थे।