November 6, 2026

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बीच पेड़ों की कटाई, पटाखा स्टॉल लगाने के लिए सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस परिसर में कब्जे का आरोप

खबर शेयर करें

डभरा में बिना अनुमति लगाए गए दो दर्जन से अधिक पटाखा स्टॉल, चार पेड़ काटे जाने और चोरी होने की शिकायत; सिंचाई विभाग ने SDM, तहसीलदार और थाना प्रभारी को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग

सक्ती/डभरा। एक ओर शासन द्वारा पर्यावरण संरक्षण को लेकर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर सक्ती जिले के डभरा में सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस परिसर में पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। आरोप है कि पटाखा दुकान लगाने के उद्देश्य से परिसर में लगे चार पेड़ों को काटकर चोरी कर लिया गया। इतना ही नहीं, पटाखा कारोबारियों द्वारा विभागीय अनुमति के बिना परिसर में जबरन कब्जा कर दो दर्जन से अधिक पटाखा स्टॉल भी लगा दिए गए हैं।

मामले को लेकर सिंचाई विभाग के एसडीओ ने डभरा एसडीएम, तहसीलदार एवं थाना प्रभारी को लिखित शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई के लिए सूचना दी है। विभाग का कहना है कि रेस्ट हाउस परिसर में पटाखा दुकान लगाने के लिए विभाग से किसी प्रकार की अनुमति नहीं ली गई है। इसके बावजूद व्यापारियों द्वारा परिसर में स्टॉल स्थापित कर दिए गए हैं।

शिकायत के अनुसार, पटाखा स्टॉल लगाने की तैयारी के दौरान परिसर में स्थित चार पेड़ों की कटाई की गई और उन्हें चोरी कर लिया गया। सार्वजनिक उपयोग एवं विभागीय संपत्ति से जुड़े इस मामले में विभाग ने प्रशासन और पुलिस का ध्यान आकृष्ट कराते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

हैरानी की बात यह है कि संबंधित विभाग द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक मौके पर क्या कार्रवाई हुई, इसकी स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर बिना अनुमति सरकारी परिसर में पटाखा स्टॉल लगाने की अनुमति किसने दी? यदि विभाग की सहमति नहीं थी, तो परिसर में दो दर्जन से अधिक स्टॉल कैसे स्थापित हो गए? वहीं चार पेड़ों की कटाई और चोरी के मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई कब होगी?

अब देखना होगा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के बीच सरकारी परिसर में पेड़ों की कटाई और कथित अवैध कब्जे के इस मामले में जिला प्रशासन, राजस्व विभाग एवं पुलिस क्या कदम उठाते हैं।