July 17, 2026

बहुमत से बचीं सरपंच सुमति नरेंद्र वर्गे,ग्राम पंचायत सानपंधि में अविश्वास प्रस्ताव हुआ खारिज

खबर शेयर करें

सरायपाली : खबर निरीक्षण

जनपद पंचायत सरायपाली अंतर्गत ग्राम पंचायत सानपंधि में 14 जुलाई 2026 को सरपंच सुमति नरेंद्र वर्गे के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत प्राप्त नहीं कर सका,जिसके चलते प्रस्ताव खारिज हो गया और सुमति नरेंद्र वर्गे अपने पद पर बरकरार रहीं और निर्णय के बाद पंचायत क्षेत्र में उनके समर्थकों और ग्रामीणों ने खुशी व्यक्त की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार,उप सरपंच अनिल साहू एवं आठ पंचों द्वारा सरपंच के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था एवं मतदान की प्रक्रिया नियमानुसार संपन्न हुई।
मतदान परिणाम में सरपंच के पक्ष में 2 मत,विपक्ष में 8 मत तथा 2 मत निरस्त (खारिज) हुए। आवश्यक बहुमत नहीं मिलने के कारण अविश्वास प्रस्ताव असफल हो गया और सरपंच सुमति नरेंद्र वर्गे अपने पद पर बनी रहीं।
अविश्वास प्रस्ताव के बाद सरपंच के पति नरेंद्र वर्गे ने कहा कि पंचायत में पेयजल,साफ-सफाई तथा अन्य विकास कार्य प्राथमिकता के साथ किए गए हैं। उनका आरोप है कि उप सरपंच पंचायत को अपने तरीके से संचालित करना चाहते थे और सहमति नहीं बनने के कारण अविश्वास प्रस्ताव लाया गया।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से सुमति नरेंद्र वर्गे को सरपंच चुना था और इस पूरे घटनाक्रम में भी ग्रामीणों का विश्वास उनके साथ बना रहा।
उन्होंने सभी ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के सहयोग और विश्वास से ही यह प्रस्ताव खारिज हुआ है।
अविश्वास प्रस्ताव निरस्त होने के बाद ग्राम पंचायत सानपंधि में सरपंच समर्थकों ने प्रसन्नता व्यक्त की तथा एक-दूसरे को बधाई देकर खुशी मनाई और ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि पंचायत में विकास कार्य पहले की तरह निरंतर जारी रहेंगे।