सारंगढ़ बिलाईगढ़ (खबर निरीक्षण) राष्ट्रीय अंधत्व एवं दृष्टि क्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम के तहत विकासखंड सारंगढ़ (जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़) में सोमवार को ‘संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। 16 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस सप्ताहव्यापी विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण व शहरी अंचल के नागरिकों को नेत्र संबंधी स्वास्थ्य सुविधाएं उनके समीप उपलब्ध कराना और अंधत्व को दूर करना है।
हरी झंडी दिखाकर टीम रवाना
अभियान के पहले दिन स्थानीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर. एल. सिदार एवं जिला अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रीतम राज कुर्रे ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर स्वास्थ्य विभाग की टीमों को रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों ने अभियान की सफलता के लिए मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम रहेगी मौजूद
कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय सारंगढ़ की नेत्र सर्जन एवं नोडल अधिकारी डॉ. प्रीतम राज कुर्रे तथा नेत्र सर्जन डॉ. स्वाती शर्मा के मार्गदर्शन में मरीजों की जांच और उपचार की रूपरेखा तय की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के तहत घर-घर या शिविरों के माध्यम से मोतियाबिंद, कम दिखने की समस्या और अन्य नेत्र विकारों से ग्रसित मरीजों की पहचान कर उनका समुचित उपचार और परामर्श सुनिश्चित किया जाएगा।
इनकी रही विशेष उपस्थिति
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे, जिनमें मुख्य रूप से जिला अंधत्व नियंत्रण कार्यक्रम के सहायक नोडल अधिकारी अरुण कुमार बंजारे, पिताम्बर सिंह पिपरिया, गीता कुमार मनहर, श्रीमती जयन्ती पटेल, हेतराम रात्रे, दिलेश्वर साहू, श्रीमती सोनिया टंडन, कमलेश डडसेना, मोती लाल जयसूर्या, हरीश वर्मा, गंगा राम साहू, अनुप कुमार पटेल, डिलेश्वर मालाकार, श्रीमती शारदा सोनवानी एवं सुनील देशमुख शामिल रहे।
विभाग द्वारा क्षेत्र की जनता से अपील की गई है कि वे इस अभियान का पूरा लाभ उठाएं और आंखों से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।

More Stories
पवनी में जनप्रतिनिधियों ने पूजा अर्चना कर किया धान खरीदी का शुभारंभ
चारपारा में गूंज रहा सतनाम का जय घोष 14 से 16 नवंबर तक तीन दिवसीय सत्संग समारोह
भाजपा नेता जनपद सदस्य प्रतिनिधि विश्वनाथ बंसत को कोर्ट ने चेक बाउंस मामले में 6 महीने की सजा सुनाई