बसना/सागरपाली : खबर निरीक्षण
मोबाइल नेटवर्क की समस्या ने ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।स्थिति यह है कि मोबाइल में पर्याप्त रिचार्ज होने के बावजूद ग्रामीणों को ठीक से बात करने के लिए नेटवर्क तलाशना पड़ रहा है। कई स्थानों पर घर के अंदर मोबाइल नेटवर्क नहीं मिलने से लोग छत या घर के बाहर जाकर कॉल करने को मजबूर हैं।
कापूडीह के ग्रामीणों का कहना है विभिन्न कंपनियों का मोबाइल टावर सागरपाली में खड़ा किया गया है जो सागरपाली से कापूडीह की दूरी महज 1 किलोमीटर है मगर इस 1 किलोमीटर में भी कवरेज ठीक से नहीं मिल पा रहा है।
मोबाइल कंपनियों को हर महीने रिचार्ज के नाम पर राशि तो मिल रही है,लेकिन उसके अनुरूप नेटवर्क सुविधा नहीं मिल पा रही है।
कॉल के दौरान आवाज बार-बार कटना,सामने वाले की आवाज स्पष्ट नहीं आना और कॉल ड्रॉप होना आम समस्या बन गई है।
ऑनलाइन काम भी हो रहे प्रभावित
कमजोर नेटवर्क का असर केवल बातचीत तक सीमित नहीं है,इंटरनेट की धीमी गति या नेटवर्क गायब रहने के कारण ऑनलाइन भुगतान,जरूरी दस्तावेज डाउनलोड करने,ऑनलाइन आवेदन,पढ़ाई और अन्य डिजिटल कामों में भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
जरूरी ऑनलाइन काम के लिए लोगों को बेहतर नेटवर्क वाले स्थानों की तलाश करनी पड़ती है,स्कूलों में शिक्षकों की ऑनलाइन अटेंडेंस भी नहीं हो पा रही है।
छत पर चढ़कर करनी पड़ती है बात
कई ग्रामीण इलाकों में मोबाइल हाथ में लेकर घर के अलग-अलग हिस्सों में नेटवर्क तलाशना रोजमर्रा की मजबूरी बन गया है,कहीं खिड़की के पास तो कहीं छत पर पहुंचने के बाद ही मोबाइल में नेटवर्क के सिग्नल दिखाई देते हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि डिजिटल दौर में मोबाइल सेवा जीवन का जरूरी हिस्सा बन चुकी है,ऐसे में बेहतर नेटवर्क उपलब्ध कराना कंपनियों की जिम्मेदारी है,मगर ग्रामीणों को यह समझ नहीं आ रहा है कि मोबाइल नेटवर्क की समस्या का निदान आखिर किस जगह से और किस विभाग से मिल पाएगी।
ग्रामीणों ने संबंधित मोबाइल कंपनियों से क्षेत्र में नेटवर्क व्यवस्था मजबूत करने और टावरों की क्षमता बढ़ाने की मांग की है,ताकि मोबाइल रिचार्ज कराने के बाद लोगों को वास्तविक सुविधा भी मिल सके।
सरकार के पास भी ऐसी कोई विभाग होनी चाहिए जो इस समस्या का समाधान करने के लिए उत्तरदाई हो।

More Stories
सरिया क्षेत्र को स्वास्थ्य सेवाओं की बड़ी सौगातसाल्हेओना,बार एवं सांकरा में खुलेंगे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
राशनकार्ड धारियों के लिए जरूरी खबर ,,,अब एक साथ मिलेगा दो महीने का चावल
नगर पंचायत पवनी में निःशुल्क आयुष स्वास्थ्य मेला एवं जागरूकता शिविर संपन्न