सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के ग्राम पंचायत पहंदा स्थित शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में छुट्टी के दिन शासकीय संपत्ति (लोहे के बेंच, टेबल व कुर्सियों) को काटकर कबाड़ में खपाने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस संबंध में महेंद्र कांत साहू सीजी मीडिया टीवी (CG Media TV) की ओर से जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ गबन का मामला दर्ज करने की मांग की गई है।
क्या है पूरा मामला?
शिकायत पत्र के अनुसार, श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शासकीय अवकाश के दिन जब पूरा स्कूल परिसर बंद था, तब विद्यालय के भीतर कटर मशीन से छात्रों के बैठने वाले लोहे के टेबल, बेंच और कुर्सियों को काटा जा रहा था। इसके बाद इन सभी कटे हुए सामानों को स्कूल परिसर में ही खड़ी एक पिकअप गाड़ी में लोड किया जा रहा था, ताकि इसे कबाड़ में बेचा जा सके।
प्रभारी प्राचार्य और शिक्षक पर आरोप है कि यह गैर-कानूनी कार्य विद्यालय के नए प्रभारी प्राचार्य खेमलाल साहू और शिक्षक जगेश्वर पटेल की प्रत्यक्ष मौजूदगी व संरक्षण में किया जा रहा था। शिकायत में दावा किया गया है कि यह पूरा घटनाक्रम कैमरे में भी कैद हुआ है।
नियमानुसार किसी भी सरकारी संपत्ति को नीलाम या कबाड़ (कंडम) घोषित करने से पहले विभागीय मूल्यांकन, पंचनामा और शिक्षा विभाग की लिखित अनुमति अनिवार्य होती है। लेकिन आरोप है कि बिना किसी विभागीय आदेश के, छुट्टी का फायदा उठाकर इस संपत्ति को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
कड़ी कार्रवाई की मांग
आवेदन के माध्यम से कलेक्टर से निवेदन किया गया है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष जांच समिति का गठन किया जाए। साथ ही प्रभारी प्राचार्य खेमलाल साहू और शिक्षक जगेश्वर पटेल के खिलाफ शासकीय संपत्ति के गबन तथा पद के दुरूपयोग करने और कड़ी अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।

More Stories
सरकारी स्कूल में छुट्टी के दिन काटी गईं बेंच-कुर्सियां, कबाड़ में खपाने की साजिश का आरोप; कलेक्टर से शिकायत
भाजयुमो जिला प्रभारी, सह प्रभारी एवं जिलाध्यक्ष ने किया विभिन्न मंडलों का प्रवास
राष्ट्रपति ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव को प्रदान किया राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान