September 19, 2026

सुपोषण चौपाल में कलेक्टर ने बढ़ाया माताओं-बच्चों का उत्साह, कराई गोदभराई और अन्नप्राशन

गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट देकर नियमित स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक आहार के लिए किया…

खबर शेयर करें

गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट देकर नियमित स्वास्थ्य जांच और पौष्टिक आहार के लिए किया प्रेरित

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 19 सितम्बर 2026। जिले के बरमकेला परियोजना अंतर्गत सरिया सेक्टर के आंगनवाड़ी केंद्र भठलीपुरा-02 में आयोजित सुपोषण चौपाल में कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू शामिल हुईं। कार्यक्रम में उन्होंने गर्भवती महिलाओं और बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र की दो गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक रीति-रिवाज से गोदभराई कराई और छह माह की आयु पूर्ण कर चुके दो बच्चों को अपने हाथों से खीर खिलाकर अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराया।


इस अवसर पर कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू ने गर्भवती महिलाओं को सुपोषण किट प्रदान किए। उन्होंने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने माताओं को बच्चों के छह माह की आयु पूर्ण होने के बाद ऊपरी आहार शुरू करने तथा बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने के लिए प्रेरित किया।
सुपोषण चौपाल के माध्यम से महिलाओं और अभिभावकों को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध सेवाओं तथा बच्चों और महिलाओं के पोषण की स्थिति की जानकारी ली और विभागीय अमले को पोषण संबंधी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी (बिलाईगढ़) श्री तेजस्वी ध्रुव, पर्यवेक्षक श्रीमती पद्मिनी भोई, कु. खुरशिद बानो खान, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता भूमिसुता पटेल, सहायिका जितेशिनी पाणिग्रही सहित गांव की महिलाएं एवं बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।