मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कृषक उन्नति योजना को लेकर दी महत्वपूर्ण जानकारी, कम उत्पादन होने पर भी किसानों को मिलेगा पूरा लाभ
सारंगढ़ विधानसभा के युवा नेता प्रदेश महामंत्री अनु.जाति हरिनाथ खूटे ने सरकार के इस निर्णय को किसान हितैषी बताया
रायपुर। छत्तीसगढ़ के धान उत्पादक किसानों के हित में राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई किसान प्रति एकड़ निर्धारित 21 क्विंटल धान के स्थान पर केवल 15 क्विंटल धान का विक्रय करता है, तब भी उसे शेष 6 क्विंटल के अंतर की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के अनुसार, सरकार ने पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया है। इसका उद्देश्य कम उत्पादन होने की स्थिति में भी किसानों को निर्धारित आर्थिक सहायता का लाभ सुनिश्चित करना है।
इस निर्णय से विशेष रूप से उन किसानों को लाभ मिलेगा, जिनकी कृषि भूमि में उत्पादन क्षमता कम होने अथवा अन्य परिस्थितियों के कारण प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान का उत्पादन नहीं हो पाता। अब कम मात्रा में धान बेचने पर भी पात्र किसान निर्धारित सहायता राशि से वंचित नहीं होंगे।
खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित व्यवस्था के अनुसार, सामान्य धान का समर्थन मूल्य 2,441 रुपये प्रति क्विंटल तथा 3,100 रुपये के बीच 659 रुपये का अंतर है। इसी अंतर को 21 क्विंटल से गुणा करने पर प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि निर्धारित की गई है।
योजना के तहत सहायता राशि का निर्धारण धान के सत्यापित बोए गए रकबे के आधार पर किया जाएगा तथा पात्र किसानों के आधार लिंक्ड बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित की जाएगी। इसके लिए एग्रीस्टैक पंजीयन एवं डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से रकबे का सत्यापन आवश्यक होगा।
इस ऐतिहासिक निर्णय को लेकर प्रदेश महामंत्री अनुसूचित जाति मोर्चा हरिनाथ खुटे ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी का धन्यवाद ज्ञापित किया है और कहा है प्रदेश सरकार के इस निर्णय से राज्य के किसानों में हर्ष व्याप्त है, इससे प्रदेश के किसानों को लाभ मिलेगा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी गारंटी के अनुसार हमारी सरकार किसानों के प्रति समर्पित है।राज्य सरकार किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने, कृषि को प्रोत्साहित करने और किसानों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

More Stories
चॉंदमारी स्कूल में विद्यालय प्रबंधन समिति की त्रैमासिक बैठक संपन्न
भगवान बिरसा मुण्डा का योगदान समाज के लिए अतुलनीय: श्रीकांत सोमावार
अमित शाह जी 3 करोड़ घुसपैठिए बता रहे हैं, योगी जी 1.27 करोड़ हिंदू वोट कटना बता रहे हैं – सच क्या है? – बिनोद भारद्वाज