बालोद। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान उन्होंने जिले में कुपोषण की प्रभावी रोकथाम के लिए ठोस एवं पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का निर्धारित समय-सीमा में समुचित क्रियान्वयन करने पर विशेष बल दिया।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने जिला कार्यक्रम अधिकारी से लेकर परियोजना अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर सहित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को अपने अधीनस्थ अमले के कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजनावार पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती कुपोषित बच्चों की संख्या की जानकारी लेते हुए इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर ने नोनी सुरक्षा योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसके व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक बालिकाओं को योजना का लाभ मिल सके। इसके अलावा उन्होंने जिले में कुपोषण रोकथाम के तहत मिशन गोद अंतर्गत गोद लिए गए बच्चों की स्वास्थ्य स्थिति में सुधार, पोषण ट्रैकर में एंट्री की स्थिति, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी गतिविधियां, महतारी वंदन योजना, छत्तीसगढ़ महिला कोष ऋण एवं सक्षम योजना अंतर्गत वर्ष 2025-26 में स्वीकृत ऋण प्रकरणों की भी समीक्षा की।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने नोनी सुरक्षा एवं सुकन्या समृद्धि योजना की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रगति, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना, आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की प्रगति, वर्तमान में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों की स्थिति तथा स्वयं के भवनों में संचालित केन्द्रों की जानकारी ली। उन्होंने नगरीय निकायों में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्रों के लिए शेष भवनों की स्वीकृति, जर्जर आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति एवं उनके स्थान पर अभिसरण के तहत स्वीकृत नवीन भवनों की अद्यतन जानकारी भी मांगी।
इसके साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में पेयजल सुविधा हेतु स्वीकृत राशि के व्यय, केन्द्रों में कार्यरत कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए चल रही भर्ती प्रक्रिया की भी विस्तार से समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री समीर पाण्डेय, परियोजना अधिकारी, सेक्टर सुपरवाइजर सहित विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।








More Stories
छत्तीसगढ़ मे 43 आईएएस अधिकारियो का ट्रांसफर,,,, सारंगढ़ कलेक्टर बदले गए || देखे पूरी सूची
बंगाल, असम और पुडुचेरी बीजेपी ने की बडी जीत हासिल, पवनी में कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
सारंगढ़ बिलाईगढ़ जिला भाजपा की कामकाजी बैठक संपन्न