अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन वृद्धाश्रम में सियान भोज व सम्मान समारोह आयोजित
सारंगढ़-बिलाईगढ़:-समाज कल्याण विभाग, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा “25 वर्षों – सेवा, समर्पण, संकल्प – सेवा संकल्प अभियान (17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026)” के अंतर्गत अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर आशा निकेतन वृद्धाश्रम, सारंगढ़ में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद पंचायत सारंगढ़ की अध्यक्ष ममता राजीव सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं और वरिष्ठजनों का आशीर्वाद लिया।
यह आयोजन समाज में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, संरक्षण तथा सम्मान के प्रति सकारात्मक वातावरण विकसित करने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में निवासरत सभी बुजुर्गों के लिए कई हितकारी गतिविधियां आयोजित की गईं।
स्वास्थ्य परीक्षण, सम्मान और सियान भोज
कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले बुजुर्गों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया, जहाँ डॉक्टरों की टीम ने वरिष्ठजनों की जांच कर आवश्यक परामर्श व दवाएं दीं। इसके पश्चात आयोजित सम्मान समारोह में जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह एवं अन्य अतिथियों द्वारा वृद्धाश्रम के सभी वरिष्ठ नागरिकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीयता से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी बुजुर्गों और उपस्थित अतिथियों के लिए ‘सियान भोज’ का आयोजन हुआ, जहाँ सबने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
वरिष्ठ जन समाज की पूंजी: ममता राजीव सिंह – ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की अमूल्य धरोहर और मार्गदर्शन का स्रोत हैं। उनकी सेवा और सम्मान करना हमारा नैतिक दायित्व है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित इस कार्यक्रम ने बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाने का सराहनीय प्रयास किया है।
इस दौरान समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

More Stories
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंगन पहुंचा सेवा संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह
सारंगढ़-बिलाईगढ़ में प्रशासनिक फेरबदल, दो अधिकारियों की नई जिम्मेदारी,,, सारंगढ़ तहसीलदार बने प्रकाश पटेल