बालोद।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बालोद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अवैध मादक पदार्थ गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 975 ग्राम गांजा एवं एक मोटरसाइकिल जप्त की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद बोनिफास एक्का तथा थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 07 जनवरी 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति मोटरसाइकिल के साथ सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी में अवैध मादक पदार्थ गांजा रखकर ग्राम तरौद बाईपास रोड के पास बिक्री हेतु ग्राहक तलाश कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना स्टाफ गवाहों एवं विवेचना किट के साथ मौके पर पहुंचा।
मौके पर दो संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल एवं सफेद प्लास्टिक बोरी के साथ मिले। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मनोज यादव पिता स्व. रंगीलाल यादव (उम्र 30 वर्ष) निवासी डौण्डीलोहारा वार्ड क्रमांक 11 एवं चतुर सिंह साहू पिता आयोध्या राम साहू (उम्र 43 वर्ष) निवासी ग्राम कसही, थाना डौण्डीलोहारा, जिला बालोद बताया। तलाशी के दौरान प्लास्टिक बोरी के भीतर भूरे रंग की टेप से बने पैकेट में हरे रंग की झिल्ली में रखा गांजा बरामद हुआ।
जप्त सामग्री में कुल 992 ग्राम वजन पाया गया, जिसमें बोरी का वजन 17 ग्राम एवं शुद्ध गांजा 975 ग्राम शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9,700 रुपये आंकी गई है। साथ ही घटना में प्रयुक्त हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 07 एल 3154, जिसकी अनुमानित कीमत 15,000 रुपये है, को भी विधिवत जप्त किया गया।
आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (ख) के तहत अपराध क्रमांक 12/2026 पंजीबद्ध कर दिनांक 07 जनवरी 2026 को रात्रि 10.05 एवं 10.10 बजे गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बालोद निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि गौकरण भंडारी, प्र.आर. दुर्योधन यादव, आरक्षक संजय सोनी, आरक्षक मनीष राजपूत, आरक्षक खिलेश कुमार नेताम, आरक्षक भीष्म नारायण चंद्राकर एवं आरक्षक वेद प्रकाश भुआर्य की सराहनीय भूमिका रही।

More Stories
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड रायगढ़ ने किया डॉ.मनीषा त्रिपाठी को सम्मानित
कमजोर प्रगति वाले जिलों की विशेष समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली वर्चुअल बैठक
डौंडी में अवैध शराब के खिलाफ जनआक्रोश, जनप्रतिनिधियों व महिलाओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन