गुंडरदेही | बालोद
नगर पंचायत गुंडरदेही के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में नगर के सर्वांगीण विकास हेतु 233 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गुंडरदेही को आधुनिक, स्वच्छ एवं आदर्श नगर के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता जताई।

मुख्यमंत्री के हेलिपैड पर आगमन के साथ ही व्यापारी संघ द्वारा लड्डुओं से तौलकर उनका भव्य स्वागत किया गया। नगर पंचायत के पार्षदों, सरपंच संघ, युवा मोर्चा, भाजपा मंडल, विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा द्वारा बालोद जिले का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने स्वागत भाषण देते हुए मुख्यमंत्री के समक्ष मजदूरों के पटा अधिकार, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं उज्ज्वला योजना के विस्तार की मांग रखी।
नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने कहा कि “आज केवल विकास कार्यों का लोकार्पण नहीं हो रहा, बल्कि गुंडरदेही के सपनों की नई नींव रखी जा रही है। हमारा लक्ष्य गुंडरदेही को प्रदेश की मॉडल नगर पंचायत बनाना है।”
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध प्रदेश है और सरकार का उद्देश्य विकास को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना जैसी योजनाओं से गरीबों को सीधा लाभ मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके विजन से गुंडरदेही का संतुलित विकास हो रहा है।

प्रमुख विकास घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर की आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं—
3 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की स्थापना
1 करोड़ रुपये से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण
1 करोड़ रुपये से विभिन्न वार्डों में सीसी रोड निर्माण
54 करोड़ रुपये की लागत से ओवरब्रिज का भूमिपूजन
1.17 करोड़ रुपये की लागत से 40 दुकानों वाला आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स
इसके अलावा कॉलेज भवन, कंवर समाज भवन, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं सेतु विभाग के अंतर्गत कई अन्य विकास कार्यों का भी भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम में सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष, भाजपा जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण व व्यापारी संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में जिला प्रशासन एवं नगर पंचायत द्वारा मुख्यमंत्री एवं अतिथियों को शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस भव्य आयोजन से पूरे क्षेत्र में विकास को लेकर उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

More Stories
कमजोर प्रगति वाले जिलों की विशेष समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली वर्चुअल बैठक
डौंडी में अवैध शराब के खिलाफ जनआक्रोश, जनप्रतिनिधियों व महिलाओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा