February 5, 2026

मोना मॉडर्न स्कूल सारंगढ़ में मल्हार भव्यता व अनुशासन के साथ संपन्न

खबर शेयर करें

सारंगढ़
मोना मॉडर्न स्कूल सारंगढ़ में आयोजित 23वां स्थापना दिवस समारोह ‘मल्हार 2025–26’ बुधवार, अत्यंत भव्य, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक गरिमा के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। दोपहर 3 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस ऐतिहासिक आयोजन में गायन, वादन एवं नृत्य की प्रस्तुतियों के माध्यम से कुल 1463 विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री बी पी केशरवानी जी अध्यक्ष मोना शिक्षण समिति, एवं श्रीमती लता केशरवानी कोषाध्यक्ष मोना शिक्षण समिति रहे। जिन्होंने माता सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम कि शुरुआत की। कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के संस्थापक डॉ. रितेश केशरवानी एवं डॉ. तोषी गुप्ता ने मंच से उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया। डॉ रीतेश केशरवानी ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, बोर्ड परीक्षाओं में निरंतर उत्कृष्ट परिणाम, खेल, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में विद्यार्थियों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सब शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत और अभिभावकों के विश्वास का परिणाम है। डॉ तोषी गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि मोना मॉडर्न स्कूल केवल शैक्षणिक संस्था नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और सर्वांगीण विकास का केंद्र है। आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में किताबी ज्ञान के साथ-साथ मंचीय आत्मविश्वास, सामाजिक चेतना और सांस्कृतिक पहचान अत्यंत आवश्यक है, और ‘मल्हार’ जैसे कार्यक्रम बच्चों को यही संस्कार प्रदान करते हैं।

गरिमामय शुभारंभ छत्तीसगढ़ राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को प्रदेश-गौरव और सांस्कृतिक चेतना से भर दिया।

कलेक्टर व डिप्टी कलेक्टर की गरिमामयी उपस्थिति समारोह में जिले के कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे जी एवं डिप्टी कलेक्टर श्री उमेश साहू जी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


कलेक्टर महोदय ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन की बधाई देते हुए कहा— “पूरा कार्यक्रम इतना अनुशासित और प्रभावशाली है कि ऐसा लग रहा है मानो किसी बड़े डांस रिएलिटी शो को देख रहा हूँ।” उन्होंने बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और मंच प्रस्तुति की मुक्तकंठ से सराहना की। कलेक्टर महोदय ने विशेष रूप से बच्चों द्वारा प्रस्तुत मैसेज-फुल, थीम-आधारित कार्यक्रमों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक कुरीतियाँ, भारतीय संस्कृति, वैज्ञानिक चेतना और नैतिक मूल्यों पर आधारित प्रस्तुतियाँ समाज को सकारात्मक दिशा देने वाली हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के सम्पूर्ण विकास के लिए अनिवार्य हैं। भारतीय शास्त्रीय नृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियों को उन्होंने विशेष रूप से सराहा। कलेक्टर महोदय ने विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

विविध और विशाल सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों द्वारा थीम-आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुतियाँ एवं विशेष गायन-वादन की प्रस्तुतियाँ दी गईं। इनमें सरस्वती वंदना, अरपा पैरी के धार, सामाजिक जागरूकता, पर्यावरण, नारी सशक्तिकरण, भारतीय परंपराएँ, शास्त्रीय संगीत-नृत्य, लोकनृत्य, देशभक्ति और आधुनिक विषयों पर आधारित कार्यक्रम शामिल रहे, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। अभिभावकों, अतिथियों एवं गणमान्य नागरिकों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा की। ‘मल्हार 2025–26’ मोना मॉडर्न स्कूल के इतिहास में एक ऐतिहासिक, प्रेरणादायक और अनुकरणीय आयोजन के रूप में दर्ज हो गया। कार्यक्रम के अंत में मोना ग्रुप ऑफ़ एजूकेशन के संस्थापक डॉ रितेश केशरवानी ने कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत तथा अभिभावकों के निरंतर सहयोग की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।