February 5, 2026

बालोद की भैजा मैदानी पंचायत की मानव श्रृंखला बनी राष्ट्रीय पहचान, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की सराहना

खबर शेयर करें


बालोद। बालोद जिले के गुरुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत भैजा मैदानी में ग्रामीणों और श्रमिकों द्वारा बनाई गई मानव श्रृंखला ने जिले को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। ‘विकसित भारत जी राम जी’ योजना के संदेश को जीवंत करती इस प्रेरक तस्वीर को देश के केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करते हुए खुले दिल से सराहना की।

अपने संदेश में केंद्रीय मंत्री ने लिखा कि छत्तीसगढ़ की भैजा मैदानी पंचायत से एक सुंदर और प्रेरक दृश्य सामने आया है, जहाँ 282 श्रमिकों ने एकजुट होकर मानव श्रृंखला बनाकर ‘विकसित भारत जी राम जी’ के संकल्प को समर्थन दिया। यह पहल गरीबी से मुक्ति, रोजगार की गारंटी, आत्मनिर्भरता और स्वावलंबी गांव की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो देश को उत्साह से भर देता है।

यह तस्वीर केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर चल रहे विकास कार्यों की सशक्त अभिव्यक्ति है। ग्राम पंचायत भैजा मैदानी में नए तालाब के गहरीकरण कार्य के दौरान ग्रामीणों और मजदूरों ने मानव श्रृंखला बनाकर योजना के उद्देश्य, महत्व और लाभों का संदेश दिया। इस कार्य के माध्यम से पंचायत में 282 श्रमिकों को प्रत्यक्ष रोजगार मिल रहा है, जो योजना की प्रभावशीलता और सफलता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है।