February 5, 2026

आवास योजना में अनियमितता का आरोप,रोजगार सहायक पर गंभीर शिकायत

खबर शेयर करें

बसना/सागरपाली : खबर निरीक्षण

जनपद पंचायत बसना अंतर्गत ग्राम पंचायत बीरसिंगपाली में आवास योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर आरोप सामने आए हैं।
ग्राम निवासी ने अनुविभागीय अधिकारी(राजस्व) बसना को लिखित आवेदन देकर ग्राम पंचायत के रोजगार सहायक पर आवास हितग्राहियों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर राशि गबन करने का आरोप लगाया है।
आवेदन में उल्लेख किया गया है कि ग्राम पंचायत बीरसिंगपाली की रोजगार सहायक द्वारा पिछले लगभग पाँच वर्षों से आवास योजना में अनियमितताएं की जा रही हैं।
शिकायतकर्ता के अनुसार अपने परिवारजनों एवं करीबी रिश्तेदारों के नाम पर आवास स्वीकृत कराकर भुगतान राशि को कथित रूप से गलत तरीके से आहरित किया गया।
आरोप है कि वास्तविक हितग्राहियों के स्थान पर अन्य नामों से भुगतान कर राशि का दुरुपयोग किया गया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि रोजगार सहायक द्वारा पंचायत में दबदबे का उपयोग कर कार्य किया जाता है तथा विरोध करने पर हितग्राहियों व ग्रामीणों पर अभद्र भाषा का प्रयोग करने के आरोप लगाए गए हैं।
आवेदन में ग्राम पंचायत स्तर पर सरपंच व पंचायत की भूमिका पर भी प्रश्न उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
शिकायतकर्ता ने अनुविभागीय अधिकारी से मामले की विस्तृत जांच कर दोषी पाए जाने पर अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई तथा गबन की गई राशि की वसूली की मांग की है।
आवेदन की प्रतिलिपि मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बसना,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत महासमुंद,जिला कलेक्टर महासमुंद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि को भी भेजी गई है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार,आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले की प्रारंभिक समीक्षा की जा रही है।
जांच के पश्चात ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।