बालोद। ग्राम हरदी में महिला को बातों में उलझाकर स्वयं को दूर का रिश्तेदार बताकर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए जेवरात तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है।
पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज दुर्ग श्री रामगोपाल गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री बोनीफांस एक्का के पर्यवेक्षण में, क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए थाना देवरी प्रभारी निरीक्षक राकेश ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
मामले का संक्षिप्त विवरण इस प्रकार है कि प्रार्थिया दिनांक 25.12.2025 को खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से आया और उससे उसके मायके व रिश्तेदारी के बारे में पूछताछ करने लगा। महिला द्वारा जानकारी देने पर आरोपी ने स्वयं को दूर का रिश्तेदार बताते हुए विश्वास में लिया और उसके साथ घर पहुंचकर बेडरूम में रखे सोने-चांदी के जेवरात व नगदी चोरी कर फरार हो गया।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना देवरी में अपराध क्रमांक 194/25, धारा 305, 331(3) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान गठित टीम द्वारा संदेही आरोपी नारायण बंजारे उर्फ मुकरी को पकड़कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपराध करना स्वीकार किया।
आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल होंडा एसपी साइन क्रमांक CG 08 AS 7874 तथा चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात—एक जोड़ी सोने का टाप्स, एक जोड़ी सोने का ईयर रिंग, एक नग सोने का मंगलसूत्र, गोल दाना, मराठी लॉकेट, दो जोड़ी चांदी की पायल, एक जोड़ी बचकानी पायल एवं एक नग चांदी का करधन—कुल कीमत लगभग ₹1,50,500/- जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

More Stories
कमजोर प्रगति वाले जिलों की विशेष समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली वर्चुअल बैठक
डौंडी में अवैध शराब के खिलाफ जनआक्रोश, जनप्रतिनिधियों व महिलाओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा