February 5, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी सफलता: झलमला चोरी के दो मामलों का 24 घंटे में खुलासा, शातिर आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

चोरी के सोने-चांदी के जेवरात, ₹4,000 नकद, मोटरसाइकिल व हथौड़ी सहित ₹8.52 लाख की संपत्ति जब्त


बालोद।
पुलिस अधीक्षक बालोद श्री योगेश कुमार पटेल (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में बालोद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ग्राम झलमला में हुए चोरी के दो प्रकरणों का खुलासा करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, ₹4,000 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं लोहे की हथौड़ी सहित कुल ₹8,52,450 की संपत्ति जब्त की गई है। इस कार्रवाई में साइबर सेल बालोद एवं थाना बालोद की टीम की विशेष भूमिका रही।

मामला क्रमांक–01:
प्रार्थी श्री राकेश कुमार ठाकुर, पिता हरिराम ठाकुर, उम्र 42 वर्ष, निवासी शांतिनगर घोटिया चौक झलमला, थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 19.01.2026 को सुबह 09:30 बजे वे एवं उनकी पत्नी बच्चों के स्कूल जाने के बाद घर में ताला लगाकर अपने-अपने कार्यस्थल चले गए थे। शाम करीब 04:30 बजे लौटने पर घर का ताला टूटा मिला, अंदर आलमारी एवं दीवान पलंग खुले हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। जांच में अज्ञात चोर द्वारा ताला तोड़कर घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात, जिसकी कीमत लगभग ₹7,91,000 थी, चोरी करना पाया गया। इस पर अपराध क्रमांक 30/2025 धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

मामला क्रमांक–02:
दूसरे मामले में प्रार्थिया श्रीमती नम्रता देवी, पति स्व. निर्भय लाल तारम, उम्र 55 वर्ष, निवासी शांतिनगर घोटिया चौक झलमला, थाना व जिला बालोद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 19.01.2026 को 09:30 से 16:30 बजे के मध्य अज्ञात चोर द्वारा मकान की दीवार फांदकर चैनल गेट व दरवाजे का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया गया और कमरे की लकड़ी की दराज से ₹4,000 नकद चोरी कर ली गई। इस पर अपराध क्रमांक 32/26 धारा 331(3), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस की कार्रवाई
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज श्री रामगोपाल गर्ग के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी बालोद श्री बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा व साइबर सेल की विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान संदेही लक्ष्मण सिंह ठाकुर को अभिरक्षा में लेकर कड़ाई से पूछताछ की गई, जिसमें उसने दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर डौण्डी लोहारा स्थित उसके किराये के मकान से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात, ₹4,000 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 07 LW 3989 तथा लोहे की हथौड़ी बरामद की गई। आरोपी को दिनांक 21.01.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

सराहनीय भूमिका
आरोपी को पकड़ने में निरीक्षक शिशुपाल सिन्हा, सउनि सूरज साहू, प्र.आर. योगेश सिन्हा, प्र.आर. दुर्योधन सिंह, आर. मनीष राजपूत, आर. धनेश्वर साहू तथा साइबर सेल बालोद प्रभारी सउनि धरम भूआर्य सहित आरक्षक भोप सिंह साहू, राहुल मनहरे, विपिन गुप्ता, आकाश दुबे, पूरन देवांगन, आकाश सोनी, योगेश गेडाम एवं गुलझारी साहू का विशेष योगदान रहा।

आरोपी का विवरण
नाम – लक्ष्मण सिंह ठाकुर
पिता – गंगूराम ठाकुर
उम्र – 30 वर्ष
निवासी – खैरतराई बीचपारा, थाना व जिला बालोद
हाल पता – डौण्डी लोहारा वार्ड नं. 11, जिला बालोद (छ.ग.)

पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड:

  1. अपराध क्रमांक 136/2010, धारा 457 भादवि
  2. अपराध क्रमांक 530/2023, धारा 454, 380 भादवि

बालोद पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।