बालोद।
शासकीय प्राथमिक शाला गंजपारा, बालोद में बसंत पंचमी का पर्व बड़े ही हर्ष, उल्लास एवं धार्मिक वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर को पीले पुष्पों एवं रंग-बिरंगी सजावट से आकर्षक रूप से सजाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, विद्या की देवी, की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया।
कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्रीमती मोहनी यादव विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को आशीर्वचन देते हुए कहा कि बसंत पंचमी ज्ञान, विद्या और संस्कारों के विकास का पावन पर्व है। माँ सरस्वती की कृपा से ही मनुष्य के भीतर विद्या, विवेक और सच्चे ज्ञान का संचार होता है।

विद्यालय की प्रधान पाठक श्रीमती भगवती सिन्हा ने विद्यार्थियों को बसंत पंचमी के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि यह पर्व प्रकृति के नवजागरण के साथ-साथ शिक्षा, संस्कृति और नैतिक मूल्यों के प्रति हमारी आस्था को सुदृढ़ करता है। उन्होंने बच्चों को माँ सरस्वती की आराधना कर ज्ञान और सदाचार के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा दी।
इस अवसर पर शिक्षक राकेश कुमार भेड़िया, लीना देहारी, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष किरण कौशिक, उपाध्यक्ष राज बाई, साथ ही कांति, केशवरी साहू, चंद्रकला, निर्मला साहू, भावना, सुषमा, शिव कुमारी, नेमा एवं अमन की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने माँ सरस्वती की आरती कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं द्वारा सरस्वती वंदना, गीत एवं नृत्य की सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यालय प्रांगण में “या कुन्देन्दुतुषारहारधवला” के सामूहिक उच्चारण से वातावरण भक्तिमय एवं पावन हो गया। पीले वस्त्रों में सजे बच्चों ने पूरे विद्यालय को बसंती रंग में रंग दिया।

More Stories
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ के किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कानमुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला – धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब 5 और 6 फरवरी को भी खुले रहेंगे केंद्र
संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं