February 5, 2026

‘एकजुट रहें हिंदू, संस्कारों से ही बचेगा सनातन’ – हिंदू सम्मेलन में गूंजा एकता का मंत्र

खबर शेयर करें

कसडोल -कसडोल  नगर के हृदयस्थल बजरंग चौक पर सकल हिंदू समाज द्वारा भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिंदू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वाधान में आयोजित इस कार्यक्रम में संतों और वक्ताओं ने समाज में एकजुटता, राष्ट्रीय कर्तव्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर दिया।
महापुरुषों के पूजन से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा मां भारती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर स्थानीय विद्यालयों के बच्चों ने छत्तीसगढ़ के पारंपरिक गीतों और देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया।


‘जाति नहीं, राष्ट्र और धर्म सर्वोपरि’
मुख्य वक्ता, प्रांत संपर्क प्रमुख संजय दुबे ने समाज के समक्ष ‘पंच परिवर्तन’ का विषय रखा। उन्होंने कहा कि हमें जातियों में बंटने के बजाय एक परिवार बनकर रहना होगा। पौराणिक संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा:
“स्वयं भगवान श्रीराम ने भारत भूमि को जननी संबोधित कर उसे स्वर्ग से भी महान बताया है। सनातन शास्त्र सदैव भारत माता का गुणगान करते आए हैं।”
उन्होंने परिवार की एकजुटता और नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने का आह्वान करते हुए कहा कि भविष्य की चुनौतियों के लिए हिंदू समाज का एक होना अनिवार्य है।
धर्मान्तरण रोकने के लिए संस्कार जरूरी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरिहर क्षेत्र महंत रामरूप महात्यागी महाराज ने संघ के शताब्दी वर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि मंडल और ग्राम स्तर पर ऐसे आयोजनों का उद्देश्य हिंदुओं को जागृत करना है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “यदि हम एकजुट रहेंगे, तो कोई हमारे धर्म को ललकार नहीं सकेगा और न ही धर्मान्तरण जैसी साजिशें सफल होंगी। बच्चों में भारतीय संस्कार डालना आज समय की सबसे बड़ी मांग है।”

विशिष्ट जनों की उपस्थिति
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आद्यशक्ति महिला उत्थान समिति की अध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू एवं खंड कार्यवाह प्रह्लाद सूर्यवंशी उपस्थित रहे। आयोजन के अंत में भारत माता की भव्य आरती की गई और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।
इस सम्मेलन में विभिन्न समाज के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और धार्मिक संगठनों के सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।