February 5, 2026

शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभांठा में गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

खबर शेयर करें

सरायपाली : खबर निरीक्षण

सरायपाली विकास खंड के अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला दर्राभांठा में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस का आयोजन हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई,जिसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीत,कविता पाठ एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधान पाठक दया सागर नायक एवं शिक्षिका डिमेश चौहान को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान हेतु श्री राघव मानस परिवार दर्राभांठा की ओर से श्रीफल एवं साल भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्रतिभावान छात्राओं को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
प्रदेश स्तरीय नवोदय अभ्यास परीक्षा में 12वां स्थान प्राप्त करने वाली कक्षा पाँचवीं की छात्रा पूजा साहु एवं कक्षा चौथी की छात्रा सुष्मिता बरिहा,जिन्होंने 46वां स्थान प्राप्त किया,जिनको शालेय परिवार एवं ग्राम पंचायत की ओर से पुष्प,श्रीफल,शील्ड एवं नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में ग्राम पंचायत सरपंच रमुला ननसाय बरिहा,भूतपूर्व सरपंच नीलमणि बरिहा,गांव के गौटिया धरमराज बरिहा,भूतपूर्व प्राचार्य समारु लाल बाघेला,गणमान्य नागरिक सुखीराम बरिहा,कुबेर साहू,त्रिनाथ बरिहा,प्राथमिक शाला अध्यक्ष श्रीराम श्रीवास,उपाध्यक्ष किरण चौहान,संतोष नायक,देव कुमार बारीक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
अतिथियों ने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण अंचल के बच्चों का प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन पूरे गांव के लिए गर्व की बात है एवं उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।