मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की अगुवाई में श्वेत कपोत–गुब्बारे उड़ाए गए, ऑन-ग्रिड सोलर प्रणाली का शुभारंभ, उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मान
बालोद।
राष्ट्रीय पर्व 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद में हर्ष, उल्लास और देशभक्ति के वातावरण में भव्य एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। मुख्य कार्यक्रम सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में संपन्न हुआ, जहाँ प्रदेश के कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक श्री योगेश कुमार पटेल ने आकाश में शांति के प्रतीक श्वेत कपोत एवं हर्षोल्लास के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर राष्ट्रीय पर्व का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि द्वारा सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा भव्य परेड की सलामी ली गई। इस अवसर पर प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णु देव साय जी द्वारा प्रदेशवासियों के नाम प्रेषित गणतंत्र दिवस संदेश का वाचन किया गया एवं सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

इसी पावन अवसर पर जिला पंचायत भवन बालोद में स्थापित ऑन-ग्रिड सोलर प्रणाली के हस्तांतरण समारोह में शामिल होकर सोलर प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह सोलर प्रणाली बिजली की बचत के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध होगी। यह योजना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी “पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना” के अंतर्गत आमजन को लाभ पहुंचाते हुए सतत विकास के संकल्प को मजबूत कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने बालोद जिले को राज्य का पहला बाल विवाह मुक्त जिला बनने पर प्रसन्नता व्यक्त की तथा उपस्थित जनसमुदाय को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन हेतु सामूहिक शपथ दिलाई।

समारोह के दौरान सशस्त्र बल, पुलिस बल एवं स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा आकर्षक मार्चपास्ट किया गया। “राष्ट्रपति की जय” के उद्घोष एवं हर्ष फायर के साथ देशभक्ति का उत्साह चरम पर नजर आया। स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चाँद लगा दिए।
इस अवसर पर जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। परेड, झांकी एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में संजारी बालोद विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती तारिणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग के पूर्व सदस्य श्री यशवंत जैन, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री श्यामलाल नवरत्न, वनमंडलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री संजय सोनी, जिला पंचायत सीईओ श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, भाजपा पदाधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
गणतंत्र दिवस का यह आयोजन लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान के प्रति आस्था, सामाजिक सहभागिता और विकास के संकल्प का सशक्त संदेश देता नजर आया।

More Stories
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ के किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कानमुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला – धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब 5 और 6 फरवरी को भी खुले रहेंगे केंद्र
संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं