बालोद।
गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर ग्राम डुण्डेरा में देशभक्ति, शौर्य और प्रेरणा से ओत-प्रोत वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर ग्राम पंचायत डुण्डेरा द्वारा भारत की महान वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई जी की प्रतिमा का विधिवत एवं भव्य अनावरण कार्यक्रम गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। प्रतिमा का अनावरण गुण्डरदेही क्षेत्र के विधायक कुँवर सिंह निषाद के करकमलों से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सरपंच, पंचगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
प्रतिमा अनावरण के दौरान “वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई अमर रहें” और “भारत माता की जय” के गगनभेदी जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान एवं ध्वजारोहण के साथ की गई, जिसके पश्चात रानी लक्ष्मीबाई जी के साहसिक एवं प्रेरणादायी जीवन पर प्रकाश डाला गया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि विधायक कुँवर सिंह निषाद ने अपने संबोधन में कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई केवल इतिहास की एक वीर योद्धा नहीं थीं, बल्कि वे नारी स्वाभिमान, साहस और देशभक्ति की जीवंत प्रतीक थीं। उन्होंने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई की दूरदर्शिता का ही परिणाम था कि उन्होंने महिलाओं को शस्त्र एवं युद्ध का प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया और स्वतंत्रता संग्राम में निर्णायक भूमिका निभाई।
विधायक श्री निषाद ने आगे कहा कि आज के युवाओं और बेटियों को रानी लक्ष्मीबाई के जीवन से कर्तव्यपरायणता, त्याग, साहस और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा लेनी चाहिए। इस प्रकार की प्रतिमाएं समाज को सही दिशा देने का कार्य करती हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अन्य वक्ताओं ने कहा कि रानी लक्ष्मीबाई जी 1857 की प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान नायिका थीं और उनका जीवन कर्तव्यपरायणता, अदम्य साहस, देशभक्ति एवं बलिदान की अनुपम मिसाल है। ग्राम पंचायत द्वारा किया गया यह कार्य समाज में देशभक्ति की भावना को मजबूत करेगा तथा आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करेगा।
अंत में ग्रामवासियों ने एकजुट होकर इस प्रेरणादायी आयोजन के लिए ग्राम पंचायत एवं विधायक कुँवर सिंह निषाद का आभार व्यक्त किया और रानी लक्ष्मीबाई जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया।

More Stories
साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा
छत्तीसगढ़ के किसानों के चेहरे पर लौटी मुस्कानमुख्यमंत्री विष्णु देव साय का बड़ा फैसला – धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब 5 और 6 फरवरी को भी खुले रहेंगे केंद्र
संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं आमजन की समस्याएं