February 4, 2026

सुशासन की सीख लेने महाराष्ट्र रवाना हुए जिला पंचायत बालोद के जनप्रतिनिधि, 5 दिवसीय अध्ययन भ्रमण से मिलेगा विकास को नया दृष्टिकोण

खबर शेयर करें

बालोद।
जिला पंचायत बालोद के निर्वाचित जनप्रतिनिधि आज एक्सपोजर विजिट के तहत जिला पंचायत संसाधन केन्द्र दुर्ग से महाराष्ट्र राज्य के लिए रवाना हुए। यह 05 दिवसीय अध्ययन भ्रमण कार्यक्रम 27 जनवरी से 01 फरवरी 2026 तक मुंबई स्थित रामभाऊ म्हालधी प्रबोधिनी संस्था में आयोजित किया गया है।

इस अध्ययन भ्रमण का मुख्य उद्देश्य महाराष्ट्र राज्य में सफलतापूर्वक लागू किए गए सुशासन, सामाजिक नवाचार, ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, आजीविका संवर्धन एवं पंचायत सशक्तिकरण से जुड़े मॉडलों का प्रत्यक्ष अवलोकन करना है। कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत बालोद के जनप्रतिनिधियों को विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न विकास योजनाओं, प्रशासनिक दक्षता एवं जनभागीदारी आधारित कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।

भ्रमण के माध्यम से जनप्रतिनिधि महाराष्ट्र के आदर्श ग्राम, स्वयं सहायता समूहों की कार्यशैली, सामाजिक सहभागिता के सफल प्रयोग तथा स्थानीय स्वशासन की प्रभावी रणनीतियों से अवगत होंगे। अध्ययन भ्रमण से प्राप्त अनुभवों और जानकारियों का उपयोग भविष्य में जिला बालोद के ग्रामीण विकास, योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन एवं सुशासन को मजबूत करने में किया जाएगा।

यह अध्ययन भ्रमण जिला पंचायत बालोद के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है, जिससे जिले में विकास की नई सोच, नवाचार और प्रभावी प्रशासन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।