February 4, 2026

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया थाना सनोद सहित प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का वर्चुअल लोकार्पण

खबर शेयर करें

बालोद

छत्तीसगढ़ राज्य के माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा दिनांक 28 जनवरी 2026 को वर्चुअल कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश में नवनिर्मित प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों का विधिवत लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर थाना सनौद का नवीन थाना भवन तथा 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद, 19वीं वाहिनी जगदलपुर, 20वीं वाहिनी महासमुंद (परसदा) एवं 22वीं वाहिनी कांकेर (भिरागांव) में निर्मित प्रशासनिक भवन एवं विभिन्न आवासीय भवनों का लोकार्पण संपन्न हुआ।

लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि पुलिस एवं सुरक्षा बलों के लिए आधुनिक प्रशासनिक ढांचा और बेहतर आवासीय सुविधाओं का विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इससे पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा उन्हें और उनके परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं सम्मानजनक वातावरण प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि नव-निर्मित प्रशासनिक भवनों में आधुनिक कार्यालय व्यवस्था, आवश्यक संसाधन एवं सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे जनसेवा, कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक कार्यों का संचालन अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से किया जा सकेगा। वहीं आवासीय भवनों के निर्माण से अधिकारियों एवं कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण आवास सुविधा मिलेगी, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार होगा।

इस अवसर पर माननीय उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश में पुलिस बल को सुदृढ़ बनाने हेतु आधारभूत संरचनाओं का निरंतर विकास किया जा रहा है। प्रशासनिक एवं आवासीय भवनों के निर्माण से न केवल पुलिसकर्मियों की कार्य-परिस्थितियाँ बेहतर होंगी, बल्कि उनका मनोबल एवं कार्यक्षमता भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पुलिस एवं सुरक्षा बलों के कल्याण, सुविधाओं एवं आधुनिकीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत बालोद पुलिस द्वारा यातायात जागरूकता को बढ़ावा देने हेतु “सड़क सुरक्षा – जीवन रक्षा” कैलेंडर का वितरण भी किया गया।

वर्चुअल लोकार्पण कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, तथा 21वीं वाहिनी करकाभांट बालोद में जनप्रतिनिधि चेमन देशमुख (भाजपा अध्यक्ष), यज्ञदत्त शर्मा (लघु एवं वनोपज संघ उपाध्यक्ष), प्रतिभा चौधरी (नगर पालिका अध्यक्ष, बालोद), प्रीतम साहू (पूर्व विधायक), पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल, कमांडेंट ज्योति सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर, उप सेनानी डॉ. आई. आर. खान (21वीं वाहिनी), डीएसपी बोनिफास एक्का, डीएसपी माया शर्मा सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

सभी उपस्थित जनों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। यह लोकार्पण कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य में बुनियादी ढांचे के सुदृढ़ीकरण एवं पुलिस बल के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।