February 4, 2026

बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी करते तीन आरोपी गिरफ्तार

खबर शेयर करें

बालोद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। उड़ीसा से बालोद की ओर गांजा बिक्री के लिए ले जा रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी मोटर सायकल पैशन प्रो क्रमांक CG 19 BA 6418 की डिग्गी में गांजा रखकर उसका परिवहन कर रहे थे।

पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बालोद मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन एवं पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बालोद बोनीफॉस एक्का के पर्यवेक्षण में जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थ, जुआ-सट्टा एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में दिनांक 30.01.2026 को मुखबीर से सूचना प्राप्त हुई कि तीन व्यक्ति मोटर सायकल पैशन प्रो क्रमांक CG 19 BA 6418 में चारामा से बालोद की ओर अवैध मादक पदार्थ गांजा लेकर जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक हेतु ग्राम नर्रा स्थित रानीमांई मंदिर के पास एमसीपी लगाकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान उक्त मोटर सायकल में तीन व्यक्ति आते दिखाई दिए, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम

  1. महेन्द्र कुंजाम, पिता हीरालाल कुंजाम, उम्र 25 वर्ष, निवासी जैसाकर्रा पथरीपारा, थाना चारामा, जिला कांकेर
  2. जितेन्द्र निषाद, पिता पल्टूराम निषाद, उम्र 24 वर्ष, निवासी जैसाकर्रा आवासपारा, थाना चारामा, जिला कांकेर
  3. नोमेन्द्र रजक, पिता नारद रजक, उम्र 19 वर्ष, निवासी जैसाकर्रा पथरीपारा, थाना चारामा, जिला कांकेर
    बताए।

मोटर सायकल की डिग्गी की तलाशी लेने पर चार खाकी रंग के टेप से लिपटे पैकेटों में अवैध मादक पदार्थ गांजा मिला। तौल करने पर कुल वजन 4.082 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2,00,000 रुपये है। साथ ही आरोपियों के कब्जे से तीन एंड्रॉइड मोबाइल (रेडमी, रियलमी एवं ओप्पो कंपनी के) कीमत लगभग 15,000 रुपये तथा घटना में प्रयुक्त मोटर सायकल कीमत लगभग 30,000 रुपये जप्त की गई। कुल जप्त संपत्ति की कीमत लगभग 2,45,000 रुपये आंकी गई है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना बालोद में अपराध क्रमांक 58/2026, धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों को विधिवत दिनांक 30.01.2026 को अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर दिनांक 31.01.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

बालोद पुलिस की इस कार्रवाई से मादक पदार्थ तस्करों में हड़कंप मच गया है।