February 4, 2026

15 मार्च तक सभी अधूरे आवास पूर्ण करने के निर्देश, पंचायतों में आवास निर्माण की समीक्षा

खबर शेयर करें

बालोद/ गुरूर
पंचायत गुरूर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मेरी रात्रे ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विभागीय योजनाओं के अंतर्गत चल रहे निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी अपूर्ण एवं प्रगतिशील आवासों को 15 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण किया जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि प्रत्येक आवास में 90 दिवस की निर्धारित अवधि पूरी की जाए।

सीईओ श्री रात्रे ने योजना के पारदर्शी और प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवास अधिकारियों, तकनीकी सहायकों एवं रोजगार सहायकों को प्रतिदिन स्थल निरीक्षण और परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के सफल संचालन के लिए संबंधित सभी अमलों को आवास हितग्राहियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करना होगा, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण हो सके।

समीक्षा के दौरान जिन पंचायतों में आवास निर्माण की प्रगति अत्यंत धीमी पाई गई, वहां के आवास अधिकारियों एवं रोजगार सहायकों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें आवास चौपाल, व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नियमित निगरानी के माध्यम से प्रगति में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन पंचायतों में अब तक संतोषजनक प्रगति नहीं हुई है, उन्हें 15 दिनों के भीतर ठोस प्रगति सुनिश्चित करने की चेतावनी भी दी गई।

बैठक में सीईओ श्री रात्रे ने VB-GRAMG एवं अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के उद्देश्य एवं दिशा-निर्देशों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।