February 4, 2026

साहू समाज की एकजुटता का संदेश, उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने किया साहू सदन बाउंड्रीवाल हेतु 25 लाख की घोषणा

खबर शेयर करें

बालोद। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरूण साव ने कहा कि साहू समाज अपनी मेहनत, साधना और त्याग-तपस्या के बल पर आज हर क्षेत्र में अग्रणी, संगठित और सम्मानित समाज के रूप में अपनी पहचान बना चुका है। समाज के लोग अपने विशिष्ट कार्यों और उच्च मानवीय मूल्यों के कारण निरंतर सम्मान अर्जित कर रहे हैं।

उपमुख्यमंत्री साव जिला मुख्यालय बालोद के दल्ली रोड स्थित साहू सदन में आयोजित जिला साहू संघ बालोद के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह एवं दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन के भूमिपूजन कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू एवं रमशीला साहू, हस्तशिल्प विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष दीपक ताराचंद साहू, राज्य दुग्ध महासंघ के पूर्व अध्यक्ष विपिन साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष तोमन साहू, नगर पालिका परिषद बालोद अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी, नगर पालिका परिषद दल्लीराजहरा अध्यक्ष तोरण साहू, पूर्व विधायक प्रीतम साहू, वीरेन्द्र साहू, डॉ. दयाराम साहू, टहल सिंह साहू, पवन साहू तथा जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेन्द्र साहू सहित बड़ी संख्या में सामाजिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री साव एवं अतिथियों द्वारा साहू समाज द्वारा निर्मित किए जा रहे दानवीर भामाशाह छात्रावास भवन का भूमिपूजन किया गया। अपने संबोधन में साव ने सामाजिक संगठनों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को संगठन से जोड़ने और सुख-दुख में सहभागी बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, सभी समान होते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री अरूण साव ने जिला मुख्यालय बालोद स्थित जिला साहू सदन में बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 25 लाख रुपये की राशि देने की घोषणा की, जिस पर उपस्थित समाजजनों ने हर्ष व्यक्त किया।

उन्होंने समाज के भवनों के रचनात्मक उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि यहां रोजगारमूलक गतिविधियां, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग कक्षाएं तथा युवाओं और विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम संचालित किए जाने चाहिए। साथ ही समाज के चिकित्सकों से सामाजिक भवनों में सेवा देने की भी अपील की।

छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष डॉ. निरेन्द्र साहू ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाते हुए उन्हें निष्ठा और समर्पण के साथ दायित्व निर्वहन की शुभकामनाएं दीं। पूर्व मंत्री रमशीला साहू, ताम्रध्वज साहू सहित अन्य अतिथियों ने भी नव-निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी।

इस अवसर पर जिला साहू संघ बालोद के अध्यक्ष महेन्द्र साहू ने समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा और सर्वांगीण विकास के लिए संघ की कार्ययोजना प्रस्तुत की। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज प्रमुखों एवं स्वजातिजनों का सम्मान भी किया गया।