बालोद।
भारत सरकार द्वारा पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 (पीआई-2.0) का स्कोर कार्ड जारी किया गया है, जो सतत विकास लक्ष्यों के 09 थीम पर आधारित है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुनील चंद्रवंशी के कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व में बालोद जिले ने पंचायत उन्नति सूचकांक 2.0 में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर शीर्ष 10 पंचायतों में स्थान बनाया है।
राज्य के टॉप-10 में बालोद जिले की 05 ग्राम पंचायतें—झलमला, बागतराई, आनंदपुर, चिरचार एवं सोंहपुर शामिल हैं। उप संचालक पंचायत श्रीमती काव्या जैन ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत झलमला ने सभी 09 थीम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 78.77 अंक प्राप्त कर पूरे राज्य में प्रथम स्थान हासिल किया और सर्वश्रेष्ठ पंचायत का दर्जा प्राप्त किया।

इसके साथ ही गुण्डरदेही विकासखंड की ग्राम पंचायत बोरगहन (फु) ने थीम-04 ‘पर्याप्त जल पंचायत’ में 90.71 अंक अर्जित कर राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इस उपलब्धि पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं सीईओ जिला पंचायत श्री सुनील चंद्रवंशी ने संयुक्त जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
सर्वश्रेष्ठ पंचायत बनने पर ग्राम पंचायत झलमला की सरपंच श्रीमती चुमन ठाकुर एवं सचिव श्री रमेश निषाद को विशेष रूप से सम्मानित कर बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। वहीं टॉप-10 में स्थान प्राप्त करने वाली अन्य पंचायतों के सरपंच—ग्राम पंचायत बागतराई की सरपंच श्रीमती अनिता साहू, ग्राम पंचायत आनंदपुर के सरपंच श्री तेजराम साहू, ग्राम पंचायत चिरचार की सरपंच श्रीमती कचरा बाई साहू तथा ग्राम पंचायत सोंहपुर की सरपंच श्रीमती सीमा साहू को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए पंचायत उन्नति सूचकांक (पीआई-2.0) पोर्टल का निर्माण पंचायतों की प्रगति पर निगरानी रखने, हस्तक्षेपों को प्राथमिकता देने, पारदर्शिता बढ़ाने तथा सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के उद्देश्य से किया गया है। इस सूचकांक के तहत पंचायतों द्वारा 13 लाइन विभागों के 141 डेटा बिंदुओं पर जानकारी संकलित कर सत्यापित डेटा पोर्टल में दर्ज किया गया, जिसके परिणामस्वरूप बालोद जिले की इन पंचायतों को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है।

More Stories
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड रायगढ़ ने किया डॉ.मनीषा त्रिपाठी को सम्मानित
कमजोर प्रगति वाले जिलों की विशेष समीक्षा, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने ली वर्चुअल बैठक
डौंडी में अवैध शराब के खिलाफ जनआक्रोश, जनप्रतिनिधियों व महिलाओं ने थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन