बालोद।
जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और आमजन में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बालोद पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 9 फरवरी 2026 को यातायात कार्यालय बालोद द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाकर शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक बालोद योगेश कुमार पटेल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बालोद बोनीफेस एक्का एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक रविशंकर पाण्डेय के नेतृत्व में यातायात बालोद एवं जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों द्वारा संयुक्त रूप से यह अभियान संचालित किया गया।
अभियान के तहत विशेष रूप से शाम के समय शहर के प्रमुख चौक-चौराहों एवं मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 7 चालकों को पकड़कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां न्यायालय द्वारा सख्ती दिखाते हुए सभी आरोपियों पर कुल 80,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया।
इसके अतिरिक्त शराब पीकर वाहन चलाने वाले 6 चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस 6 माह के लिए निलंबित किए जाने हेतु परिवहन विभाग को पत्र प्रेषित किया गया। वहीं बिना लाइसेंस वाहन चलाने एवं चलाने देने के मामले में एक वाहन चालक और वाहन मालिक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अभियान के दौरान अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों पर भी कार्रवाई जारी रही। कुल 96 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई करते हुए 13,400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। यह कार्रवाई बिना हेलमेट दोपहिया चलाने, सीट बेल्ट का उपयोग न करने एवं अन्य नियमों के उल्लंघन पर की गई।
बालोद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मालवाहक वाहनों में सवारी भरकर परिवहन न करें, रात्रि के समय वाहन चलाते हुए अपर-डिपर का सही उपयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, नाबालिगों को वाहन चलाने न दें तथा निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं। साथ ही सीट बेल्ट एवं हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और वाहन के सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

More Stories
छत्तीसगढ़ में खाद्य विभाग में बड़ा फेरबदल,,, जिला खाद्य अधिकारियो का तबादला
भूमकाल की हुंकार से कांपी अंग्रेजी हुकूमत,बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में गूंजा ‘जय जोहार, जय भूमकाल’
PWD की लापरवाही से मधु चौक में अधूरा सड़क निर्माण, धूल-मिट्टी से व्यापारी और राहगीर परेशान