February 11, 2026

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना: बालोद में 163 जोड़ों का सामूहिक विवाह, प्रदेशभर में 6,414 नवदंपतियों ने थामा दामन

खबर शेयर करें

बालोद।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत आज जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित पोहा मिल परिसर में जिला स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बालोद जिले के कुल 163 जोड़े विधि-विधान एवं रीति-रिवाज के साथ विवाह सूत्र में बंधे।

कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज के दिन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि प्रदेशभर में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रमों के माध्यम से कुल 6,414 वर-वधु नवजीवन की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने सभी नवदंपतियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पहले गरीब परिवारों के लिए बेटी का विवाह करना एक बड़ी चुनौती होता था, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह द्वारा मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना की शुरुआत कर समाज के गरीब और वंचित वर्गों के लिए यह चिंता दूर की गई। इसके लिए उन्होंने डॉ. रमन सिंह के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

उन्होंने बताया कि योजना की शुरुआत के समय नवविवाहित जोड़ों को 5 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाती थी, जिसे बढ़ाकर अब 35 हजार रुपये कर दिया गया है। यह राशि सीधे नवदंपतियों के खातों में अंतरित की जाएगी।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने भी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होकर नवदंपतियों के उज्ज्वल भविष्य और सुखद दांपत्य जीवन की कामना की।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष तारणी पुष्पेंद्र चंद्राकर, उपाध्यक्ष तोमन साहू, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ सुनील चंद्रवंशी, महिला एवं बाल विकास समिति की सभापति चुन्नी मानकर, जनपद पंचायत बालोद की सभापति भूनेश्वरी चंद्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

अतिथियों ने नवदंपतियों के बीच पहुंचकर आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। इस दौरान वधुओं को मंगलसूत्र एवं बिछिया भी भेंट की गई।