February 18, 2026

मंत्रोच्चार के साथ 10वीं के छात्रों को मिला बोर्ड परीक्षा का आशीर्वाद

खबर शेयर करें

बालोद – बोर्ड परीक्षा के समीप आते ही शासकीय हाईस्कूल तरौद में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए पारंपरिक विदाई समारोह के स्थान पर एक अभिनव ‘आशीर्वाद समारोह’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को भावनात्मक विदाई देने के साथ-साथ परीक्षा के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा, आत्मविश्वास और अकादमिक मार्गदर्शन प्रदान करना था।

समारोह की मुख्य बातें

समारोह का प्रारंभ सत्येन्द्र महाराज के सान्निध्य में मां सरस्वती की पूजा और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ।

महाराज ने छात्रों को एकाग्रता और परिश्रम का महत्व समझाते हुए सफलता के लिए सद्बुद्धि का आशीर्वाद दिया।

शाला विकास समिति की अध्यक्ष महेश्वरी ठाकुर और सरपंच धर्मेन्द्र रामटेके सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सफलता के मूल मंत्र को लेकर विद्यालय की प्राचार्य लीनू तुली ने विद्यार्थियों को परीक्षा प्रबंधन के महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर जोर दिया उत्तर पुस्तिका में स्पष्ट लिखावट, समय का सही प्रबंधन, मुख्य बिंदुओं को रेखांकित करना, सटीक उत्तर लेखन प्राचार्य ने कहा कि आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों को हल करना ही बेहतर परिणाम की कुंजी है। विद्यालय परिवार के नारायण सिंह उड्सेना, जोहत्रि नायक और तीज कोठरिया ने भी मार्गदर्शन दिया। अंत में परीक्षार्थियों को प्रवेश पत्र वितरित किए गए और स्वल्पाहार के साथ उन्हें विदा किया गया।