छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा प्रस्तुत बजट 2026–27 को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश के समग्र, संतुलित और दूरदर्शी विकास का संकल्प बताया गया है। ‘ज्ञान’ और ‘गति’ के बाद इस वर्ष का बजट ‘संकल्प विकसित छत्तीसगढ़ अंजोर 2047’ की थीम पर आधारित है, जो राज्य की दीर्घकालिक प्रगति, सुशासन और परिणामोन्मुखी नीतियों की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
बालोद जिले के भाजपा नेताओं ने बजट का स्वागत करते हुए इसे विकासोन्मुख, जनहितैषी और भविष्यदर्शी बताया।

प्रदेश भाजपा महामंत्री यशवंत जैन ने कहा कि यह बजट विकास की रफ्तार को और तेज करेगा तथा सभी क्षेत्रों के संतुलित विकास, भविष्य के अनुरूप कार्यबल निर्माण, नए आजीविका अवसरों और युवाओं के आधुनिक कौशल उन्नयन पर केंद्रित है। उन्होंने बताया कि पिछले बजटों के मार्गदर्शी सिद्धांत ‘ज्ञान’ (गरीब, युवा, अन्नदाता, नारी) और ‘गति’ (सुशासन, अधोसंरचना, तकनीक, औद्योगिक विकास) रहे, जबकि इस वर्ष ‘संकल्प’ सरकार की जमीनी क्रियान्वयन क्षमता का प्रतीक है।
छत्तीसगढ़ वनोपज संघ के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) यज्ञदत्त शर्मा ने इसे ‘छत्तीसगढ़ अंजोर’ विजन के लक्ष्यों की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि बजट में शामिल पाँच नए मिशन आर्थिक विस्तार, सामाजिक न्याय, अधोसंरचना और सांस्कृतिक पहचान के समन्वित विकास को सशक्त करेंगे।

प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने बजट को उभरती प्राथमिकताओं और दीर्घकालिक विकास उद्देश्यों का प्रतिबिंब बताया। उन्होंने अबूझमाड़ एवं जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी, नए औद्योगिक पार्क, लैंड बैंक विकास योजना, बस्तर–सरगुजा में औद्योगिक विकास, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर 2.0, सिरपुर विकास तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में नई ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस नीति जैसे प्रावधानों को उल्लेखनीय बताया। साथ ही, पोषण स्तर सुधार, आवास निर्माण और जनजातीय लोक संगीत संरक्षण हेतु समर्पित स्टूडियो स्थापना का भी उल्लेख किया।
भाजपा नेता एवं पूर्व सभापति जिला पंचायत बालोद अभिषेक शुक्ला ने कहा कि यह बजट जनता की आकांक्षाओं का प्रतिबिंब है, जिसमें ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसान, महिला, युवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़कों के निर्माण हेतु विशेष प्रावधान किए गए हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने बजट 2026–27 को सरकार का तीसरा बजट बताते हुए कहा कि यह प्रदेश की 3 करोड़ जनता के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए समर्पित है। उन्होंने ‘संकल्प’ की अवधारणा को बजट का मूल आधार बताते हुए इसके प्रत्येक अक्षर का अर्थ स्पष्ट किया —
S: समावेशी विकास | A: अधोसंरचना | N: निवेश | K: कुशल मानव संसाधन | A: अंत्योदय | L: लाइवलिहुड | P: पॉलिसी से परिणाम तक
पूर्व प्रदेश मंत्री राकेश यादव ने बजट को समावेशी विकास, क्षेत्रीय संतुलन, मजबूत अधोसंरचना और निवेश प्रोत्साहन की दिशा में निर्णायक बताया।
पूर्व जिला अध्यक्ष पवन साहू ने कृषि उन्नति योजना के अंतर्गत ₹10,000 करोड़, 5 एचपी तक कृषि पंपों हेतु मुक्त बिजली, एकल बत्ती कनेक्शन और घरेलू उपभोक्ताओं को राहत जैसे प्रावधानों को किसान–हितैषी बताया।
पूर्व जिला अध्यक्ष कृष्णकांत पंवार ने खेल प्रतिभाओं की पहचान एवं संवर्धन हेतु पाँच मुख्यमंत्री मिशनों की सराहना की।
पूर्व विधायक प्रीतम साहू ने महतारी वंदन योजना के लिए ₹8,200 करोड़ को महिला सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक बताया।
पूर्व विधायक वीरेंद्र साहू ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) हेतु ₹4,000 करोड़ तथा शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना हेतु ₹1,500 करोड़ के प्रावधानों का स्वागत किया।
जिला महामंत्री राकेश छोटू यादव ने लखपति दीदी भ्रमण योजना, शक्तिपीठ दर्शन एवं महिलाओं के नाम पर संपत्ति क्रय पर पंजीयन शुल्क में 50% छूट को महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।
जिला महामंत्री सौरभ लुनिया ने आस्था पथ योजना एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के सांस्कृतिक भ्रमण हेतु प्रावधानों को सांस्कृतिक जागरूकता के लिए उपयोगी बताया।
जिला कोषाध्यक्ष हरीश कटझरे ने बजट को कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और निवेश प्रोत्साहन का संतुलित दस्तावेज बताया।
जिला कार्यालय मंत्री विनोद जैन ने इसे सर्वजन हिताय–सर्वजन सुखाय की भावना से ओतप्रोत जनकल्याणकारी बजट कहा।
जिला मीडिया प्रभारी कमल पनपालिया ने कहा कि राज्य निर्माण के समय जहाँ बजट ₹4,944 करोड़ था, वहीं आज यह 35 गुना बढ़कर ₹1,72,000 करोड़ तक पहुँच चुका है, जो प्रदेश की आर्थिक प्रगति का प्रमाण है। उन्होंने बजट को सर्वस्पर्शी बताते हुए कहा कि यह मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेशवासियों के प्रति निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता की अभिव्यक्ति है।

More Stories
छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक बजट: विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम — दीनानाथ खूंटे
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता – श्रीमती उषा पटेल
ब्रेकिंग न्यूज,,, पेड़ पर सड़ी-गली अवस्था में लटका मिला युवक की लाश