बालोद। शासकीय महाविद्यालय बालोद की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा ग्राम पटेली में दिनांक 16 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक “नशा मुक्त समाज के लिए युवा” थीम पर सात दिवसीय विशेष शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 50 स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए ग्रामवासियों के बीच सामाजिक, शैक्षणिक एवं जन-जागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया। पूरे सप्ताह ग्राम पटेली में सेवा, अनुशासन और सामाजिक चेतना का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।

शिविर का शुभारंभ प्रथम दिवस पर ग्राम पटेली के सरपंच, पंचायत के समस्त पंच, वरिष्ठ नागरिकों एवं कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जी. एन. खरे की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। उद्घाटन अवसर पर अतिथियों ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्यों, समाज सेवा की भावना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रेरक उद्बोधन देते हुए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।

सात दिवसीय कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों ने स्वच्छता अभियान, नशा मुक्ति जागरूकता, प्लास्टिक उन्मूलन, व्यक्तित्व विकास, यातायात सुरक्षा, नारी सशक्तिकरण, साइबर अपराध से बचाव, मतदाता जागरूकता एवं अंधविश्वास उन्मूलन जैसे विषयों पर विविध गतिविधियां संचालित कीं। दीवार लेखन, जोशीले नारे, प्रेरक गीत एवं प्रभात फेरियों के माध्यम से ग्रामीणों को प्रतिदिन जागरूक किया गया। गांव के गली-मोहल्लों एवं चौक-चौराहों में निकाली गई प्रभात फेरियों ने सामाजिक सरोकारों के प्रति जन-भागीदारी को प्रोत्साहित किया।
स्वास्थ्य एवं जीवनशैली पर विशेष बल देते हुए शिविर में प्रतिदिन व्यायाम, प्राणायाम एवं मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया, जिससे शारीरिक स्वास्थ्य और मानसिक संतुलन का महत्व रेखांकित हुआ। बौद्धिक सत्र में राष्ट्रीय सेवा योजना की जिला संगठक डॉ. लीना साहू ने स्वयंसेवकों को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं व्यक्तित्व विकास के आयामों पर विस्तृत मार्गदर्शन प्रदान किया तथा सफल आयोजन के लिए बधाई दी।

वरिष्ठ स्वयंसेवकों द्वारा समय प्रबंधन, टीम वर्क, लक्ष्य निर्धारण एवं शिविर संचालन की कार्यपद्धति पर उपयोगी सुझाव दिए गए। इससे कनिष्ठ स्वयंसेवकों में कार्य के प्रति प्रतिबद्धता, दक्षता और जिम्मेदारी की भावना का विकास हुआ।
रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में दहेज प्रथा उन्मूलन, नशा मुक्ति, मतदाता जागरूकता, छत्तीसगढ़ी संस्कृति संरक्षण, भारतीय संस्कृति एवं देशभक्ति पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध संदेश देते हुए सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का प्रयास किया गया।
अंतिम दिवस पर आयोजित समापन समारोह में मुख्य अतिथि रत्ना हिरवानी, जनपद सदस्य जनपद पंचायत डौंडी ने स्वयंसेवकों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए स्वच्छता एवं नशा मुक्ति अभियानों को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया। उन्होंने युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रमुख शक्ति बताते हुए समाज हित में निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। समारोह में प्रतिभावान पदाधिकारियों एवं स्वयंसेवकों को सम्मानित किया गया तथा पारंपरिक कैंप फायर के साथ शिविर का उत्साहपूर्ण समापन हुआ।
शिविर के सफल संचालन में मुख्य सलाहकार देवेंद्र कुमार साहू एवं गजेंद्र ढीमर, विशेष सलाहकार विश्वजीत बघेल, डिलेश्वर देशमुख एवं लक्ष कुमार साहू, शिविर नायक राम अवतार साहू, उप शिविर नायक कंचन साहू, अनुशासन प्रभारी राहुल साहू, सह अनुशासन प्रभारी बिनिता मण्डावी एवं नम्रता निर्मलकर, परियोजना प्रभारी निधि चन्द्राकार, सह परियोजना प्रभारी रोशन साहू, सांस्कृतिक प्रभारी राजेश बक्शी, सह सांस्कृतिक प्रभारी देव कुमार, क्रीड़ा प्रभारी जागृति बारले, सह क्रीड़ा प्रभारी वंदना साहू, मेस प्रभारी दीपचंद यादव, सह मेस प्रभारी पूजा मानिकपुरी, संपादक प्रभारी छत्रेस साहू, सह संपादक प्रभारी युगीता एवं भावना तथा मीडिया प्रभारी पुष्पेन्द्र एवं मोहित का उल्लेखनीय योगदान रहा।
यह सात दिवसीय विशेष शिविर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जे. के. खलखो के निर्देशन एवं कार्यक्रम अधिकारी प्रो. जी. एन. खरे के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। शिविर ने ग्राम पटेली में स्वच्छता, जागरूकता और सामाजिक चेतना की नई अलख जगाते हुए युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा और समाज सेवा की भावना को सुदृढ़ किया।
शिविर में सक्रिय सहभागिता करने वाले स्वयंसेवकों में यशस्वी निर्मलकर, विक्रम सहारे, तीरथ, पायल भेड़िया, पंकज कोमर्रा, मोहित साहू, देव कुमार साहू, मोनिका, टिकेश्वरी, यमन हिरवानी, योगिता मंडावी, वंदना साहू एवं सीमा सहित अन्य स्वयंसेवक शामिल रहे।

More Stories
छत्तीसगढ़ का ऐतिहासिक बजट: विकास, विश्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम — दीनानाथ खूंटे
महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता – श्रीमती उषा पटेल
ब्रेकिंग न्यूज,,, पेड़ पर सड़ी-गली अवस्था में लटका मिला युवक की लाश