February 26, 2026

मरारटोला के पास दर्दनाक हादसा: स्कूल वाहन पुल से नीचे गिरा, एक छात्र की मौत, कई घायल

खबर शेयर करें

बालोद/डौंडी। बालोद जिले के डौंडी थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, छिंदगांव के आगे मरारटोला गांव के समीप एक स्कूल वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरा। हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 13 से अधिक स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वाहन आजाद पब्लिक स्कूल, डौंडी का फोर्स वाहन था, जो स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को घर छोड़ने के लिए निकला था। इसी दौरान मरारटोला के पास पुल पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और नीचे जा गिरा। दुर्घटना के समय वाहन में 15 से अधिक बच्चे सवार थे।

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तत्काल मदद के लिए दौड़े और बच्चों को वाहन से बाहर निकालने में सहयोग किया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डौंडी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, कुछ बच्चों की हालत नाजुक बनी हुई है।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही डौंडी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है तथा दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है, तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और परिवहन मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस प्रमाणन और प्रशिक्षित चालकों की अनिवार्यता सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।