बालोद। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील कुमार चंद्रवंशी ने जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में उन्होंने राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य सहित सभी संबंधित विभागों को त्योहार के दौरान पूरी मुस्तैदी से दायित्व निभाने के निर्देश दिए।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि किसी भी अप्रिय स्थिति की पूर्व तैयारी सुनिश्चित की जाए, ताकि होली का पर्व प्रेम, भाईचारे और सद्भाव के साथ मनाया जा सके। साथ ही समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर निर्धारित अवधि में निराकरण के निर्देश भी दिए गए।

सीईओ चंद्रवंशी ने जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि 13 मार्च को बालोद विकासखंड के ग्राम पोण्डी में जिला स्तरीय शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसकी तैयारियां समयपूर्व पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
अधिकारियों को प्रत्येक मंगलवार एवं बुधवार को प्रातः 10 बजे कार्यालय में उपस्थित रहकर जनसुनवाई, नस्ती निराकरण एवं विभागीय समीक्षा करने तथा गुरुवार-शुक्रवार को फील्ड विजिट कर योजनाओं के क्रियान्वयन की निगरानी करने के निर्देश दिए गए। 15 मार्च तक वार्षिक कार्ययोजना कलेक्टर को प्रस्तुत करने को भी कहा गया।
बैठक में बायोमेट्रिक उपस्थिति, ग्रीष्म ऋतु में पेयजल आपूर्ति, कन्या शौचालय निर्माण (08 मार्च तक जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश) तथा शासकीय चिकित्सालयों में जीवनदीप समिति की बैठक आयोजित करने संबंधी आवश्यक निर्देश भी दिए गए।








More Stories
पत्नी की हत्या कर दुर्घटना का रूप देने की कोशिश, पति गिरफ्तार
दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजही डैम के पास नाबालिक से दुष्कर्म के गंभीर मामले में 3 आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा
बालोद में अवैध लकड़ी माफिया पर बड़ी कार्रवाई, अर्जुन्दा और मटेवा की आरा मिलें सील