बालोद। ग्राम देवी नवागांव तांदुला किनारे महिला की हत्या के अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मामले में मृतका सावित्री निषाद की हत्या का आरोपी उसका पति धर्मेंद्र निषाद (41) निकला, जिसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 23 फरवरी 2026 को सूचना मिली थी कि तांदुला नदी किनारे एक महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, फॉरेंसिक टीम, साइबर सेल व थाना स्टाफ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत होने पर थाना बालोद में मर्ग क्रमांक 16/2026 व अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 103 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के पर्यवेक्षण एवं एसडीओपी बोनीफास एक्का के नेतृत्व में साइबर सेल व थाना बालोद की संयुक्त विशेष टीम गठित की गई। टीम ने गांव में कई दिनों तक डेरा डालकर जांच की, मुखबिर लगाए और तकनीकी साक्ष्य जुटाए।
जांच के दौरान मृतका के पति धर्मेंद्र निषाद पर संदेह गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी ने बताया कि घटना वाले दिन उसकी पत्नी ने घर का काम नहीं किया था और छोटी बेटी बिना खाना खाए स्कूल चली गई थी। इसी बात से वह नाराज था। पत्नी के घर से बाहर जाने पर वह उसे ढूंढते हुए तांदुला नदी किनारे पहुंचा, जहां गुस्से में आकर उसने पुरानी साड़ी से रस्सीनुमा फंदा बनाकर पत्नी का गला घोंट दिया।
लोगों को गुमराह करने के लिए आरोपी ने शव के सिर और गले में स्कार्फ लपेट दिया ताकि घटना दुर्घटना लगे। वारदात के बाद वह खेतों के रास्ते घर लौट आया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस टीम के सराहनीय प्रयास से अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझ गई है।

More Stories
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदमारी रायगढ़ में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस,उमड़ा जनसैलाब
छत्तीसगढ़ पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान, सुनील शर्मा ने QR कोड और ‘सेल्फी फ्रेम’ से की शुरुआत
कन्या शाला घरघोड़ा ने निकाली तिरंगा यात्रा ; छात्राओं ने थामा तिरंगा दिया स्वच्छता का संदेश