बालोद – होली पर्व के पावन अवसर पर बालोद जिला सेन समाज द्वारा सामाजिक एकता, भाईचारे और संगठन की मजबूती को लेकर भव्य होली मिलन समारोह एवं सामाजिक बैठक का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम आस्था और श्रद्धा के प्रमुख स्थल बंजारी धाम जुगेर में हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले भर से सेन समाज के पदाधिकारी, वरिष्ठजन, युवा साथी तथा समाज के गणमान्य लोग बड़ी संख्या में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत संत शिरोमणि सेन जी महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, पुष्प अर्पण एवं वंदना के साथ की गई। इसके पश्चात समाजजनों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली पर्व की शुभकामनाएं दीं और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा एकता बनाए रखने का संदेश दिया।

समाज की एकता और संगठन पर विशेष चर्चा
बैठक के दौरान सेन समाज के विकास, संगठन की मजबूती, युवाओं की भागीदारी, समाज में शिक्षा के विस्तार तथा आने वाले सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि समाज की उन्नति के लिए सभी को संगठित होकर कार्य करना होगा।
वक्ताओं ने कहा कि सेन समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली रहा है। संत शिरोमणि सेन जी महाराज के आदर्श आज भी समाज को सत्य, सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाते हैं। यदि समाज उनके बताए मार्ग पर आगे बढ़े तो निश्चित रूप से समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।
14 अप्रैल 2026 को दल्लीराजहरा में होगा भव्य सेन जयंती आयोजन
बैठक में सर्वसम्मति से यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल 2026 को दल्लीराजहरा में सेन जयंती का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर संत शिरोमणि सेन जी महाराज के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सेन जयंती कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए समाज के पदाधिकारियों ने अभी से तैयारी प्रारंभ करने का आह्वान किया। निर्णय लिया गया कि जिले के सभी गांवों, नगरों और वार्डों से समाजजनों की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि यह आयोजन ऐतिहासिक रूप से सफल हो सके।
समाज में जागरूकता और नई ऊर्जा का संचार
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि होली मिलन जैसे आयोजन समाज में आपसी मेलजोल, सहयोग और संगठन को मजबूत करने का कार्य करते हैं। ऐसे कार्यक्रमों से समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर आने का अवसर मिलता है और समाज के भविष्य को लेकर सामूहिक निर्णय लिए जाते हैं।
बैठक के अंत में सभी समाजजनों ने यह संकल्प लिया कि सेन समाज की एकता, सम्मान और सामाजिक प्रगति के लिए सभी मिलकर निरंतर कार्य करेंगे तथा आने वाले सेन जयंती कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक रूप से सफल बनाएंगे।
विशेष रूप से ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विशेष रूप से पुनित सेन (प्रदेशाध्यक्ष), संतोष कौशिक (जिलाध्यक्ष), लोचन सेन (जिला महासचिव), लोकेश कौशिक (उपाध्यक्ष), रामकुमार श्रीवास (सचिव), जगन कौशिक (संरक्षक), धनी राम कौशिक (सहसचिव), संतोष श्रीवास (कोषाध्यक्ष), संतोष श्रीवास (संगठन मंत्री), उमेश सेन (जिला मीडिया प्रभारी), उमेंद्र कौशिक (अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष), जिला कार्यकारिणी सदस्य डोमार कौशिक, टुमन कौशिक, ब्लॉक अध्यक्ष सेतु राम सेन, अशोक भारद्वाज, बिसेसर सेन, संतोष सेन, छननु सेन, जीवधन सेन, जनक कौशिक, मोहन कौशिक तथा महिला प्रकोष्ठ से श्रीमती ममता सेन (जनपद सदस्य), भीमेश्वरी सेन सहित सेन समाज के सैकड़ों स्वजातीय बंधु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।








More Stories
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर उमेश कुमार सेन ने दी शुभकामनाएं, नारी शक्ति को बताया राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
गोंडवाना समाज डौंडी का बड़ा फैसला: जन्म, विवाह और मृत्यु संस्कार में मांस-मदिरा व डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध
सारंगढ़ ब्रेकिंग न्यूज,,, तालाब किनारे पेड़ पर लटकी मिली अज्ञात व्यक्ति की लाश, क्षेत्र में सनसनी