बालोद/डौंडी।
डौंडी ब्लॉक के ग्राम पंचायत चिहरों स्थित शाखा डाकघर के बंद होने से क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। डाकघर बंद होने से चिहरों सहित आसपास के ग्राम जिलेवही, साल्हे-2, दिग्वडी और ककाड़कसा के खाता धारकों को कई प्रकार की समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने बताया कि उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित कई अन्य आवश्यक दस्तावेजों में पोस्ट ऑफिस का पता “पोस्ट चिहरों” दर्ज है। ऐसे में डाकघर बंद होने से दस्तावेजों में सुधार कराने और डाक संबंधी सेवाओं के लिए लोगों को परेशानी उठानी पड़ेगी। साथ ही बैंकिंग, डाक वितरण और अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्र के जनपद सदस्य तुलेश्वर हिचामी ने संबंधित विभाग को पत्र लिखकर डाकघर बंद करने के निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में उप संभागीय निरीक्षक बालोद, उप संभाग अधीक्षक दुर्ग तथा हेड पोस्ट ऑफिस नई दिल्ली को पत्र प्रेषित किया है।
ग्रामीणों ने भी मांग की है कि चिहरों शाखा डाकघर को पुनः शुरू किया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को डाक एवं बैंकिंग सेवाओं के लिए भटकना न पड़े।


More Stories
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान
जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह समेत अतिथियों ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, स्वास्थ्य शिविर में हुआ निःशुल्क परीक्षण
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंगन पहुंचा सेवा संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह