नाली निर्माण अधूरा, घरों के सामने जमा हो रहा गंदा पानी – जागरूक नागरिक उमेश कुमार सेन ने उठाई आवाज
बालोद।
शहर में चल रहा सौंदर्यीकरण एवं सड़क चौड़ीकरण कार्य अब आम नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बनता जा रहा है। दल्ली चौक से राजनांदगांव रोड तक किए जा रहे सड़क विस्तार और सौंदर्यीकरण कार्य के बाद वार्ड क्रमांक 19 के रहवासी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान पुरानी नालियों को तो तोड़ दिया गया, लेकिन नई नाली का निर्माण अभी तक नहीं किया गया है, जिसके कारण गंदा पानी सड़कों और घरों के आसपास जमा हो रहा है।

वार्ड क्रमांक 19 के गली नंबर 1 बुढ़ापारा क्षेत्र में नाली व्यवस्था पूरी तरह से अव्यवस्थित हो चुकी है। गंदा पानी सही तरीके से बह नहीं पा रहा है और कई स्थानों पर पानी जमा होकर सड़ रहा है। इसका सीधा असर लोगों के स्वास्थ्य और दैनिक जीवन पर पड़ रहा है। रहवासियों ने बताया कि घरों के सामने गंदा पानी भरा रहता है और कई जगह यह पानी घरों के अंदर तक पहुंचने लगा है, जिससे पूरे क्षेत्र में दुर्गंध फैल रही है और मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ गया है।
शाम होते ही मच्छरों की संख्या इतनी बढ़ जाती है कि लोगों का घर के बाहर बैठना और बच्चों का खेलना तक मुश्किल हो गया है। क्षेत्र के लोगों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका भी जताई है।

इस समस्या से स्थानीय व्यापारी भी परेशान हैं। राजनांदगांव रोड के किनारे स्थित दुकानों तक बदबू पहुंच रही है, जिससे ग्राहकों का आना-जाना कम हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि यदि जल्द ही नाली निर्माण नहीं कराया गया तो इसका सीधा असर उनके व्यापार पर पड़ेगा।
जागरूक नागरिक उमेश कुमार सेन ने प्रशासन और संबंधित विभाग का ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि वार्ड क्रमांक 19, गली नंबर 1 बुढ़ापारा की स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। यदि शीघ्र ही नाली निर्माण और पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की गई तो आने वाले बारिश के मौसम में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि जय स्तंभ चौक से मधु चौक के आगे तक सड़क किनारे नाली निर्माण का कार्य अधूरा पड़ा है। लगभग एक माह पूर्व स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों से मुलाकात कर समस्या बताई थी, जिस पर जल्द कार्य पूरा करने का आश्वासन दिया गया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
लोगों का कहना है कि जब तक पूरे मार्ग में नाली निर्माण कार्य पूरा नहीं होगा, तब तक गंदा पानी, बदबू और मच्छरों की समस्या से राहत मिलना मुश्किल है।








More Stories
ग्रामीण में 45 दिन, शहर में 25 दिन बाद ही होगी गैस की ऑनलाइन बुकिंग
अनुसूचित जाति मोर्चा का जिला स्तरीय परिचयात्मक बैठक भाजपा कार्यालय गुण्डरदेही में सम्पन्न, जिला अध्यक्ष चेमन देशमुख ने संगठन मजबूती पर दिया जोर
ब्लॉक कांग्रेस का विस्तार, धर्मेन्द्र रामटेके बने कोषाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं ने दी बधाई