बालोद। शहर के व्यस्त व्यापारिक क्षेत्र घड़ी चौक में नल पाइप को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को उग्र झड़प में बदल गया। जानकारी के अनुसार साहू होटल के संचालक के साथ दो अलग-अलग समय पर मारपीट की घटना हुई है। मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार दिन के समय नल पाइप को लेकर कहासुनी के दौरान कुछ लोगों और साहू होटल के संचालक के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और संचालक के साथ मारपीट की घटना हो गई। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने बालोद थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज किया।
बताया जा रहा है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ। रात लगभग 8 बजे के आसपास 20 से 25 लोग फिर से साहू होटल के पास पहुंचे और संचालक के साथ दोबारा मारपीट की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने से घड़ी चौक क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
घड़ी चौक जैसे व्यस्त इलाके में हुई इस घटना के बाद कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति बन गई थी, हालांकि पुलिस की सक्रियता के बाद हालात सामान्य बताए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।








More Stories
कन्या शाला घरघोड़ा मे अंतर्राष्ट्रीय गणित दिवस का हुआ आयोजन
मनोज बसन्त बने भाजपा अजा मोर्चा के मंडल अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में हर्ष की लहर
राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक की कसौटी पर भेडवन PHC: 16 और 17 मार्च को दिल्ली की टीम करेगी सूक्ष्म मूल्यांकन