बालोद। जिले के गुरुर थाना क्षेत्र के बगदई गांव में खेत में पैदल चलने की बात को लेकर हुआ विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया, जिसमें एक व्यक्ति पर सिर पर वार कर जानलेवा हमला कर दिया गया। गुरुर पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए महज 12 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थिया श्रीमती रामबाई साहू (62 वर्ष), निवासी बगदई, ने 17 मार्च 2026 को थाना गुरुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसी दिन सुबह लगभग 7 बजे वह अपने पति पुरुषोत्तम लाल साहू के साथ खेत में चना और सरसों की फसल देखने गई थीं। इसी दौरान गांव के पुलस्तनंदन साहू (45 वर्ष) ने उनके खेत में पैदल चलने की बात को लेकर आपत्ति जताई। बात बढ़ने पर आरोपी गाली-गलौज करने लगा और आवेश में आकर अपने पास रखे बैल हांकने वाले लकड़ी के खूंटे से पुरुषोत्तम साहू के सिर पर जोरदार वार कर दिया।
हमले में गंभीर रूप से घायल पुरुषोत्तम साहू को ग्रामीणों की मदद से पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरुर लाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर उन्हें धमतरी रेफर किया गया। वर्तमान में उनका इलाज क्रिश्चियन अस्पताल में जारी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर तथा एसडीओपी गुरुर माया शर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार तिर्की के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल से खून लगी मिट्टी, सादी मिट्टी और खून से सना लकड़ी का डंडा सहित अन्य साक्ष्य जब्त किए गए।
पुलिस ने संदेही पुलस्तनंदन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने घटना में प्रयुक्त लकड़ी के खूंटे को खेत में फेंकना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर हथियार भी बरामद कर लिया गया।
सभी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को 17 मार्च 2026 की रात करीब 10 बजे गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
इस कार्रवाई में निरीक्षक सुनील कुमार तिर्की, उप निरीक्षक कुलदीप यादव, उप निरीक्षक हरिराम बघेल, प्रधान आरक्षक वेदराम कोर्राम, आरक्षक एवन साहू, कोमल साहू, विवेक सिन्हा, चंद्रकांत यादव, दिनेश नेताम सहित थाना गुरुर स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।








More Stories
जनता की आवाज से बदला मंजर: हाईवे 930 की मरम्मत शुरू, प्रशासन हरकत में
भटगांव न्यायालय का निरीक्षण, अधिवक्ताओं ने सौंपा मांग पत्र
निःशुल्क स्वास्थ्य ओपीडी शिविर का आयोजन 25 मार्च2026 दिन बुधवार को सारंगढ़ में