बालोद (छत्तीसगढ़)।
ग्राम पंचायत मरदेल के आश्रित ग्राम मगरदाह और जबकसा में इन दिनों पानी की भारी किल्लत ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव में लगे सोलर आधारित पानी सप्लाई सिस्टम की मोटर पिछले 25 दिनों से बंद पड़ी है, जिससे लोगों को दैनिक जीवन में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के मुताबिक, सोलर टंकी का मोटर पंप खराब होने के बाद क्रेडा विभाग बालोद को इसकी शिकायत की गई थी। विभाग ने मोटर को सुधार के नाम पर निकालकर तो ले गया, लेकिन आज तक उसे वापस नहीं लगाया गया। इस लापरवाही का खामियाजा अब पूरे गांव को भुगतना पड़ रहा है।

हालात यह हैं कि मगरदाह और जबकसा के लोग पीने के पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। गर्मी के इस मौसम में जल संकट ने स्थिति को और भी गंभीर बना दिया है। कई बार फोन के माध्यम से क्रेडा विभाग से संपर्क करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
गांव के जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सोलर टंकी की मोटर सुधारकर जल आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
शिकायतकर्ताओं में सरपंच मानकी कोमरे, हीरालाल नेताम, पंच सुकाल सिंह, पंच सेवाराम, कमेटी सदस्य माधुरी बाई नरेटी, सावेद कुमार नेताम सहित समस्त ग्रामवासी शामिल हैं।

More Stories
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर आशा निकेतन में वृद्धजनों का हुआ सम्मान
जनपद अध्यक्ष ममता राजीव सिंह समेत अतिथियों ने लिया बुजुर्गों का आशीर्वाद, स्वास्थ्य शिविर में हुआ निःशुल्क परीक्षण
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंगन पहुंचा सेवा संकल्प, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया उत्साह