April 12, 2026

कंजेली स्कूल में बच्चों के चेहरे खिले: सम्मान, सीख और उत्साह से भरा दिन

खबर शेयर करें

बालोद/डौण्डी
शासकीय प्राथमिक शाला कंजेली के परिसर में शनिवार का दिन बच्चों के लिए खास बन गया। कक्षा 5वीं के विद्यार्थियों के सम्मान समारोह ने न सिर्फ उनके चेहरे पर मुस्कान बिखेरी, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की कामनाओं के साथ एक भावनात्मक माहौल भी तैयार किया। कार्यक्रम में बच्चों को उपहार देकर उनके आगे की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इसी दौरान छोटे बच्चों को भी नजरअंदाज नहीं किया गया। बलवाड़ी के नन्हे-मुन्नों को कक्षा पहली में प्रवेश के लिए उत्साहित करने के उद्देश्य से ड्राइंग बुक, पेंसिल, कलर पेंसिल और रबर वितरित किए गए। बच्चों की आंखों में उत्साह साफ झलक रहा था।

पढ़ई तिहार: मेला बना सीखने का जरिया

“अंगना में शिक्षा” कार्यक्रम के तहत आयोजित पढ़ई तिहार ने इस आयोजन को और खास बना दिया। बेसलाइन जांच के लिए मेला क्रमांक-1 में 5 से 8 वर्ष तक के बच्चों के बुनियादी स्तर की जांच की गई।

मेला परिसर में 9 अलग-अलग काउंटर लगाए गए, जहां गतिविधियों के माध्यम से माताओं को यह बताया गया कि वे घर पर ही बच्चों को कैसे पढ़ा सकती हैं। जो माताएं बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं, उन्हें “स्मार्ट माता” के रूप में सम्मानित करने की पहल भी सराहनीय रही।

इस दौरान इस वर्ष के तीन प्रमुख एजेंडा पर भी जोर दिया गया

हर घर ब्लैकबोर्ड

स्वच्छ यूनिफॉर्म

घर पर माताओं द्वारा समर क्लास

ओआरएस अभियान: सेहत का संदेश

गर्मी के मौसम को देखते हुए ओ.आर.एस. अभियान के तहत बच्चों और माताओं को डिहाइड्रेशन से बचने की जानकारी दी गई। उन्हें बार-बार पानी पीने और जरूरत पड़ने पर नींबू, नमक और शक्कर के घोल का सेवन करने की सलाह दी गई।

सशक्त नारी सम्मान: महिलाओं को मिला मंच

कार्यक्रम का एक खास पहलू रहा “सशक्त नारी सम्मान”। गांव और आसपास के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहीं महिलाओं को मंच पर सम्मानित किया गया।

सम्मानित महिलाओं में शामिल रहीं

डिगेश्वरी (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, आरोग्य मंदिर सिंघोला), साक्षी साहू (सहायक शाखा डाकपाल, पोस्ट ऑफिस सिंघोला), आशो ठाकुर (आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, कंजेली)

इन सभी ने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को आशीर्वाद दिया और समाज सेवा के महत्व को सरल भाषा में समझाया
न्योता भोज: स्वाद के साथ अपनापन

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय और मध्यान्ह भोजन समूह द्वारा “न्योता भोज” का आयोजन किया गया। बच्चों और उपस्थित जनों के लिए मिक्चर, मिठाई, केला के साथ खीर, पूरी, सब्जी और चावल की स्वादिष्ट व्यवस्था की गई।

इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में कई लोगों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में राजेश कुमार प्रजापति, परदेसी राम रूपा, देवकी, हेमलता, पूजा, आरती, सुलोचना, रंजीता, गजेन्द्र, कुमारी बाई, मिनाक्षी और ममता सोनेश्वर सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस तरह कंजेली स्कूल में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि शिक्षा, जागरूकता और सामुदायिक भागीदारी का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।