April 12, 2026

बालोद में कर्मा जयंती पर ऐतिहासिक आयोजन, 10 जोड़ों का सामूहिक विवाह और 6 परिवारों की ‘घर वापसी’

खबर शेयर करें

बालोद। जिले के ग्राम मेढ़की में कर्मा जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम ने सामाजिक और सांस्कृतिक एकता का अनूठा संदेश दिया। भक्त माता मां कर्मा की जयंती पर आयोजित इस भव्य समारोह में एक ओर जहां 10 जोड़ों का सामूहिक आदर्श विवाह संपन्न कराया गया, वहीं दूसरी ओर 6 परिवारों ने पुनः सनातन धर्म को अपनाते हुए ‘घर वापसी’ की।

तहसील साहू समाज के तत्वावधान में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में पूरे जिले से बड़ी संख्या में समाजजन, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण शामिल हुए। पारंपरिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सभी 10 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस अवसर पर नवदंपतियों को आशीर्वाद देने के लिए मंच पर उपस्थित अतिथियों ने उन्हें सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद, बालोद के पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी रही। संगठन की ओर से सभी नवविवाहित जोड़ों को उपहार भेंट कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया। समारोह का एक विशेष और चर्चित पहलू 6 परिवारों की ‘घर वापसी’ रहा, जिन्होंने ईसाई धर्म का परित्याग कर पुनः हिंदू धर्म स्वीकार किया।

प्रदेश साहू संघ अध्यक्ष डॉ. नीरेंद्र साहू ने इन परिवारों का गंगाजल से चरण पखारकर, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवा गमछा पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ताओं ने तिलक लगाकर और रामायण ग्रंथ भेंट कर उनका सम्मान किया।

‘घर वापसी’ करने वाले परिवारों में सुनील कुमार, रुपुराम साहू, श्रीमती हिरौदी साहू, श्रीमती मोनस साहू, विभीषण साहू और तिलोक राम शामिल रहे। इन सभी ने कहा कि वे अपनी सांस्कृतिक जड़ों से पुनः जुड़कर गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं और आगे अपने परंपरागत मूल्यों के साथ जीवन यापन करेंगे।

समारोह में मौजूद लोगों ने इस आयोजन को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में प्रदेश साहू संघ, जनप्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अंत में आयोजकों और अतिथियों ने इस प्रकार के आयोजनों को समाज में जागरूकता और एकजुटता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बताते हुए इसकी सराहना की।