April 15, 2026

पिंडरी और गोड़म में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई अंबेडकर जयंती

खबर शेयर करें

सारंगढ़-बिलाइगढ़। भारतीय संविधान के शिल्पी, महान समाज सुधारक और भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती आज क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों में बड़े ही उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। ग्राम पंचायत पिंडरी और गोड़म में आयोजित विशेष कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया, जहाँ बाबा साहब के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया गया।
भाजपा नेता हरिनाथ खूंटे की उपस्थिति में मना उत्सव
ग्राम पंचायत पिंडरी में आयोजित जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश महामंत्री हरिनाथ खूंटे शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब की प्रतिमा और छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई।


इस अवसर पर खूंटे ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब ने न केवल संविधान की रचना की, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने का मार्ग प्रशस्त किया। उनके बताए ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ के मूलमंत्र को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। इस दौरान ग्रामीणों के साथ मिलकर केक काटकर खुशियां साझा की गईं।


गोड़म संध्या बेला में बाबा साहब को किया नमन
इसी कड़ी में संध्या समय ग्राम पंचायत गोड़म में भी अंबेडकर जयंती की धूम रही। यहाँ आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने बाबा साहब को एक महान अर्थशास्त्री, विधिशास्त्री और स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी नायक के रूप में याद किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने बाबा साहब के जीवन संघर्ष और भारतीय लोकतंत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। यहाँ भी सामूहिक रूप से केक काटकर और बाबा साहब की जय-जयकार के नारों के साथ पर्व मनाया गया। ग्रामीणों ने संविधान की रक्षा करने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया।