बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत चिहरो के आश्रित ग्राम काकड़कसा 1 एवं काकड़कसा 2 में जल जीवन मिशन के तहत बनाई जा रही पानी टंकी आज तक अधूरी पड़ी है। सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य हर घर तक नल से जल पहुंचाना है, लेकिन यहां योजना सिर्फ कागजों तक सीमित नजर आ रही है। गांव के लोग आज भी पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए परेशान हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि टंकी निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। निर्माण स्थल पर काम में कोई प्रगति नजर नहीं आती दिख रही है। गर्मी के मौसम में हालात और गंभीर हो गए हैं, जहां महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है।

प्राप्त दस्तावेजों के अनुसार, जल जीवन मिशन के अंतर्गत जारी कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार को प्रशासन द्वारा नोटिस जारी किया गया है। नोटशीट में उल्लेख है कि कार्य समय सीमा में पूर्ण नहीं किया गया, जिसके कारण ठेकेदार से जवाब मांगा गया है। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब प्रशासन ने नोटिस जारी कर दिया, तो फिर अधूरा काम अब तक पूरा क्यों नहीं हुआ? क्या सिर्फ नोटिस देकर जिम्मेदारी पूरी कर ली गई? यदि समय पर निगरानी और सख्त कार्रवाई होती, तो शायद गांव की जनता को पानी के लिए परेशान न होना पड़ता।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधूरी टंकी का निर्माण शीघ्र पूरा कराया जाए, दोषी ठेकेदार पर कड़ी कार्रवाई हो और जल जीवन मिशन जैसी जनहितकारी योजना को भ्रष्टाचार व लापरवाही से बचाया जाए।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिम्मेदार अधिकारी जनता की प्यास बुझाते हैं या फाइलों में ही पानी बहता रहेगा।








More Stories
साल्हे में प्रधान पाठक दिगम्बर प्रसाद साहू जी को भावभीनी विदाई दी गई।
ब्रेकिंग न्यूज…बदले गए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के CMHO ,,, नए होंगे
नल-जल योजना का बोर सूखा, रोहिनापाली के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे,कलेक्टर को सौपा ज्ञापन