बालोद जिले के ग्राम तरौद स्थित शासकीय हाई स्कूल ने इस वर्ष 10वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा आज घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बेहतरीन सफलता हासिल की।
विद्यालय से कुल 26 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे, जिनमें सभी 26 छात्र उपस्थित रहे। इनमें से 23 विद्यार्थी सफल हुए, 2 विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा मिली, जबकि 1 विद्यार्थी असफल रहा। विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 88.46 प्रतिशत रहा, जिसे लेकर पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
मेधावी विद्यार्थियों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। कक्षा में प्रथम स्थान रुद्रकांत ने 88.5 प्रतिशत, द्वितीय स्थान रितेश ने 87.5 प्रतिशत तथा तृतीय स्थान विवेक ने 85.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इसके अलावा 14 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी तथा 9 विद्यार्थियों ने द्वितीय श्रेणी में सफलता हासिल की, जो विद्यालय के शिक्षकों की मेहनत और विद्यार्थियों की लगन को दर्शाता है।
ग्राम पंचायत तरौद के सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है।
गांववासियों ने भी विद्यालय परिवार को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में तरौद स्कूल और बेहतर परिणाम देकर नई मिसाल कायम करेगा।








More Stories
साल्हे में प्रधान पाठक दिगम्बर प्रसाद साहू जी को भावभीनी विदाई दी गई।
ब्रेकिंग न्यूज…बदले गए सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के CMHO ,,, नए होंगे
नल-जल योजना का बोर सूखा, रोहिनापाली के ग्रामीण बूंद-बूंद पानी को तरसे,कलेक्टर को सौपा ज्ञापन