May 1, 2026

तरौद पंचायत में श्रमदान की मिसाल: जनप्रतिनिधियों से लेकर मजदूरों तक सभी ने मिलकर किया एक दिन का सेवा कार्य

खबर शेयर करें

तरौद। ग्राम पंचायत तरौद में सामूहिक सहभागिता और जनसेवा का प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला, जहां पंचायत के समस्त मजदूरों द्वारा एक दिन का श्रमदान कार्य किया गया। इस अवसर पर पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने एकजुट होकर श्रमदान में भाग लिया तथा गांव के विकास और स्वच्छता को लेकर अपनी जिम्मेदारी निभाई।

श्रमदान कार्यक्रम में सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके, सचिव सीमा सेन, रोजगार सहायक दिलीप साहू, शंभू साहू, समस्त पंचगण, मेट एवं मजदूरों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी ने मिलकर गांव के आवश्यक कार्यों को पूरा करने में श्रम योगदान दिया।

इस अवसर पर सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके ने कहा कि “गांव का विकास केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि जनता की भागीदारी और सामूहिक प्रयासों से संभव होता है। श्रमदान समाज को जोड़ने का माध्यम है। जब पंचायत के प्रतिनिधि, कर्मचारी और ग्रामीण एक साथ काम करते हैं, तो विकास कार्यों में गति आती है और आपसी भाईचारा भी मजबूत होता है।”उन्होंने आगे कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यों को पंचायत स्तर पर लगातार जारी रखा जाएगा, ताकि तरौद पंचायत स्वच्छ, सुंदर और विकासशील पंचायत के रूप में आगे बढ़े।

ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का स्वयं मैदान में उतरकर श्रमदान करना दूसरों के लिए प्रेरणा है। पंचायत तरौद का यह प्रयास सामाजिक एकता और जनसहभागिता की मिसाल बन गया है।