May 1, 2026

मजदूर दिवस पर तरौद पंचायत ने किया श्रमिकों का सम्मान, प्रसाद भोजन के साथ दी शुभकामनाएं

खबर शेयर करें

तरौद, 1 मई। अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर ग्राम पंचायत तरौद में श्रमिकों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। पंचायत की ओर से गांव के मेहनतकश मजदूर भाई-बहनों को मजदूर दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सभी मजदूरों के लिए प्रसाद स्वरूप भोजन की व्यवस्था भी की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया।

कार्यक्रम का माहौल आत्मीयता और सम्मान से भरा रहा। पंचायत प्रतिनिधियों ने मजदूरों के योगदान को गांव और देश की तरक्की की रीढ़ बताते हुए उनके परिश्रम को नमन किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके, जनपद पंचायत सदस्य माहेश्वरी ठाकुर, सचिव सीमा सेन, पंच देवलाल ठाकुर, देव सिंह पटेल, सोहन ठाकुर, महिला पंच मान बाई ठाकुर, राधिका पटेल, टिकेश्वर पटेल, श्याम बाई ठाकुर, चंद्रिका निषाद, राधिका निर्मलकर, तुलेश्वरी साहू, शंभू साहू, समारु यादव सहित समस्त मजदूरगण उपस्थित रहे।

सरपंच धर्मेन्द्र कुमार रामटेके ने अपने उद्बोधन में कहा कि “मजदूर समाज की असली ताकत हैं। उनके हाथों की मेहनत से गांव, शहर और देश का निर्माण होता है। ग्राम पंचायत हमेशा मजदूर भाइयों के सम्मान, अधिकार और सुविधा के लिए तत्पर रहेगी।”

वहीं जनपद पंचायत सदस्य माहेश्वरी ठाकुर ने कहा कि “हर मजदूर हमारे समाज का गौरव है। मेहनत और ईमानदारी से जीवन संवारने वाले श्रमिकों का सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। मजदूर दिवस हमें उनके योगदान को याद करने का अवसर देता है।”

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित मजदूरों को सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं दी गईं और गांव के विकास में उनके निरंतर सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत तरौद का यह आयोजन श्रमिक सम्मान और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण बनकर सामने आया।